छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में तेज आंधी के साथ हुई बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। मंगलवार दोपहर कांकेर के चारामा में मूसलाधार बारिश से नेशनल हाईवे 30 में पानी भर गया। इस दौरान कुछ घंटे के लिए बिजली बंद रही। गरियाबंद और जीपीएम जिले से लगे अमरकंटक में बारिश से तेज गर्मी से राहत मिली है, लेकिन पेंड्रा क्षेत्र में बिजली चली गई। यहां आंधी से गौरेला ओवरब्रिज के पास कई पेड़ टूटकर गिर गए। मनेंद्रगढ़ के जनकपुर में बारिश का पानी लोगों के घर में घुस गया। आंधी बारिश से मेन रोड में पीपल का पेड़ उखड़कर गिरा, जिससे बिजली के तार टूट गए। मौसम बदलने से इन क्षेत्रों में गर्मी से राहत मिली है। अगले 3 दिन आंधी बारिश की संभावना मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 3 दिनों तक प्रदेशभर में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 2 से 3 डिग्री गिर सकता है पारा राहत की बात यह है कि इसी खराब मौसम के चलते अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक लुढ़क सकता है, जिससे तपिश से थोड़ी निजात मिलेगी। बीते 24 घंटों का हाल देखें तो राजनांदगांव 44 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री दर्ज किया गया। संभावित खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की हिदायत दी है। कल के लिए मौसम का अलर्ट मौसम विभाग ने बुधवार के लिए प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। रायपुर का मौसम राजधानी बादलों से घिरा रहेगा। गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
