छत्तीसगढ़ कांग्रेस में संगठन सृजन अभियान के तहत नियुक्त किए गए जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों के लिए 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर 21 जून से 30 जून 2026 तक रायपुर के चांदी मोड़ स्थित अग्नियोटम अलका अवतार मंगल भवन में होगा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इस संबंध में लेटर जारी किया है और सभी जिला और शहर अध्यक्षों को शामिल होने के निर्देश दिए हैं। इस ट्रेनिंग प्रोग्राम में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी किसी एक दिन शिविर में शामिल होंगे और संगठन को मजबूत करने के टिप्स देंगे। जारी लेटर के मुताबिक, हाल ही में नियुक्त अध्यक्षों को 10 फरवरी 2026 को नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में आयोजित 2 दिवसीय ट्रेनिंग प्रोग्राम में शामिल किया गया था। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने संगठन को लेकर मार्गदर्शन दिया था। 1 दिन के लिए शामिल होंगे राहुल गांधी केसी वेणुगोपाल ने लेटर में उल्लेख किया है कि प्रस्तावित 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में राहुल गांधी की भी सहमति मिल चुकी है। वे शिविर के दौरान किसी एक दिन उपस्थित होकर संगठन को लेकर अपना मार्गदर्शन देंगे। इसे आगामी चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक मजबूती की दिशा में कांग्रेस का बड़ा कदम माना जा रहा है। PCC और विधायकों को भी जिम्मेदारी AICC ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी को प्रशिक्षण शिविर की सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही एआईसीसी सचिवों, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, कांग्रेस विधायक दल के नेता और संगठन से जुड़े सीनियर पदाधिकारियों से शिविर में अधिकतम समय देने को कहा गया है। पत्र में यह भी कहा गया है कि वरिष्ठ नेताओं की कम से कम 5 दिनों की उपस्थिति अनिवार्य होगी, जिसमें शिविर के पहले दो और अंतिम दो दिन शामिल रहेंगे। नए अध्यक्षों को संगठन मजबूत करने की ट्रेनिंग कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि संगठन सृजन अभियान के तहत नियुक्त नए जिला और शहर अध्यक्षों को पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक ढांचे, जनसंपर्क और चुनावी रणनीति को लेकर प्रशिक्षित करना जरूरी है। इसी उद्देश्य से यह विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। पार्टी जानकारों के अनुसार आगामी नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों के साथ-साथ 2028 विधानसभा चुनाव की तैयारी को देखते हुए कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। 21 जून दोपहर 12 बजे तक पहुंचने के निर्देश पत्र में सभी प्रतिभागियों को 21 जून को दोपहर 12 बजे तक प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम में शामिल होने वाले जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों को औपचारिक निमंत्रण भी भेजा गया है।
