कोरबा जिले के लेमरू थाना क्षेत्र के ग्राम नकिया में उफनते सांचर नाले को पार करते समय एक 28 वर्षीय युवक बाइक समेत बह गया। युवक का शव 12 घंटे बाद मंगलवार सुबह घटनास्थल से लगभग 3 किलोमीटर दूर बरामद किया गया। इस हादसे में युवक का साथी अपनी जान बचाने में सफल रहा। जानकारी के अनुसार, नकिया निवासी राहुल कुमार मंझवार सोमवार को अपने साथी बुधराम मंझवार के साथ घरेलू काम से कोरबा शहर गए थे। देर शाम दोनों बाइक से गांव लौट रहे थे। लगातार बारिश के कारण गांव से लगभग 3 किलोमीटर पहले स्थित सांचर नाला उफान पर था। ग्रामीणों के अनुसार, नाले में पानी का बहाव बहुत तेज था। इसके बावजूद राहुल ने बाइक से नाला पार करने का प्रयास किया। इसी दौरान बुधराम ने खतरा महसूस कर बाइक से छलांग लगा दी और किनारे पहुंच गया। बाइक समेत तेज बहाव में बहा राहुल, साथी ने बचाई जान राहुल जैसे ही बाइक लेकर नाले में उतरा, पानी के तेज बहाव में वह बाइक समेत बह गया और कुछ ही पलों में आंखों से ओझल हो गया। घटना के बाद बुधराम ने किसी तरह अपनी जान बचाई। पानी का स्तर थोड़ा कम होने पर वह गांव पहुंचा और परिजनों, पुलिस को सूचना दी। सुबह चला सर्च ऑपरेशन, 3 किलोमीटर दूर मिला शव अंधेरा और तेज बहाव के कारण सोमवार रात सर्च ऑपरेशन शुरू नहीं किया जा सका। मंगलवार सुबह लेमरू पुलिस, स्थानीय ग्रामीणों और बचाव दल ने संयुक्त रूप से सर्च अभियान चलाया। कई घंटे की मशक्कत के बाद राहुल का शव घटनास्थल से लगभग 3 किलोमीटर दूर नाले में फंसा मिला। उफनते नदी-नालों से सावधान रहने की अपील शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बता दें कि जिले में लगातार बारिश के कारण कई नदी-नाले और पुल-पुलिया उफान पर हैं। इसके बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर आवागमन कर रहे हैं। लेमरू पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
