छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है। पिछले 24 घंटे के दौरान दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भी हल्की बारिश दर्ज की गई। इस बीच, 9 जुलाई को दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरे देश में पहुंच गया। सामान्य तौर पर मानसून 8 जुलाई तक पूरे भारत को कवर कर लेता है, लेकिन इस बार यह एक दिन की देरी से पूरे देश में सक्रिय हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ में इस मानसून सीजन की कुल बारिश अब सामान्य श्रेणी में आ गई है। प्रदेश में अब तक सामान्य से 18% कम बारिश हुई है, जो विभाग की ‘नॉर्मल’ श्रेणी में शामिल है। छत्तीसगढ़ के सारंगगढ़-बिलाईगढ़ में सामान्य से 79% अधिक बारिश हुई है। ये तस्वीर देखिए… रायपुर का मौसम मौसम विभाग के अनुसार आज (10 जुलाई) रायपुर में दिनभर बादल छाए रहेंगे। गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। प्रदेश में अब तक 17% कम बारिश छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार अभी भी सामान्य से पीछे चल रही है। 1 जून से 9 जुलाई 2026 तक छत्तीसगढ़ में 242.8 मिमी (9.5 इंच) बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में सामान्य तौर पर 284.6 मिमी (11.2 इंच) बारिश होनी चाहिए थी। यानी प्रदेश में अब भी 15 प्रतिशत कम बारिश हुई है। एक सप्ताह में तेजी से सुधरी स्थिति जून के आखिरी सप्ताह और जुलाई की शुरुआत में छत्तीसगढ़ में बारिश की कमी 40 प्रतिशत से अधिक हो गई थी। लेकिन पिछले एक सप्ताह में कई जिलों में लगातार अच्छी बारिश होने से स्थिति में तेजी से सुधार आया है। अब बारिश की कमी घटकर 15 प्रतिशत रह गई है। अगर अगले कुछ दिनों तक बारिश का यही सिलसिला जारी रहा, तो प्रदेश जल्द ही सामान्य वर्षा की श्रेणी में पहुंच सकता है। कई जिलों में सामान्य से काफी ज्यादा बारिश सारंगढ़-बिलाईगढ़ सबसे अधिक भीगा है, जहां 450.7 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। यह सामान्य से 84% अधिक है। इसके अलावा दंतेवाड़ा (356.4 मिमी), मुंगेली (324 मिमी), सक्ती (318.2 मिमी), महासमुंद (309.2 मिमी), रायपुर (297 मिमी) और जांजगीर-चांपा (293.3 मिमी) में भी सामान्य से अधिक बारिश हुई है। सरगुजा में सबसे कम बरसा पानी सरगुजा में सबसे कम 144.4 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 53% कम है। इसके अलावा कांकेर (48% कम), जशपुर (43% कम), कोरिया (36% कम), गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (32% कम), मोहला-मानपुर-चौकी (31% कम), कोंडागांव (30% कम), बेमेतरा (29% कम), सुकमा (27% कम) और सूरजपुर (26% कम) में भी सामान्य से काफी कम बारिश दर्ज की गई है।
