छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। हालांकि 8 अगस्त से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों और तीव्रता में कमी आने के आसार हैं। फिलहाल प्रदेश में मानसून सामान्य स्थिति में बना हुआ है। 1 जून से अब तक सामान्य से 7% कम बारिश दर्ज की गई है, जिसे मौसम विभाग ने सामान्य श्रेणी में रखा है। देखें तस्वीरें… रायपुर सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा प्रदेश में सबसे अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रायपुर में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ। अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम? मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी। उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में कहीं-कहीं भारी बारिश, गरज-चमक और ृबिजली गिरने की संभावना है। 8 अगस्त के बाद बारिश की तीव्रता और इसका दायरा धीरे-धीरे कम होने लगेगा। रायपुर का मौसम आज (6 अगस्त) को रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने और एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। छत्तीसगढ़ में मानसून की स्थिति अब भी सामान्य बनी हुई है। 5 अगस्त तक प्रदेश में औसतन 589.3 मिमी (23.2 इंच) बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 634.9 मिमी (25.0 इंच) मानी जाती है। यानी अब तक प्रदेश में सामान्य से 7% कम बारिश हुई है। मौसम विभाग ने इसे अब भी सामान्य श्रेणी में रखा है। क्या कहता है मानसून का आंकड़ा मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अब तक कुल बारिश सामान्य श्रेणी में है, लेकिन उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में अब भी सामान्य से कम बारिश हुई है। वहीं, जिन जिलों में सामान्य से काफी ज्यादा बारिश हुई है, वहां कई जगह जलभराव और नदी-नालों के उफान जैसी स्थिति बनी हुई है। अगले कुछ दिनों में होने वाली बारिश खरीफ फसलों के लिए अहम मानी जा रही है। यदि कम बारिश वाले जिलों में अच्छी बारिश होती है तो प्रदेश में मानसून का संतुलन और बेहतर हो सकता है।
