रायपुर में प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर खम्हारडीह थाने में गैर-जमानती धाराओं के तहत FIR दर्ज होने के बाद सियासत गरमा गई है। 12 नामजद और कई अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई के बाद प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज समेत कई नेता खम्हारडीह थाने में काउंटर FIR दर्ज कराने पहुंचे हैं। थाने के बाहर बैठकर कांग्रेसी प्रदर्शन कर रहे हैं, जबकि बैज समेत कई नेता अंदर पुलिस अधिकारियों से चर्चा कर रहे हैं। कांग्रेस ने कहा कि, जितने मंत्री विधायक आए, उन पर भी काउंटर FIR दर्ज हो। दीपक बैज ने कहा कि, वो पत्थर मारेंगे, तो हम पुलिस के भरोसे बैठे रहेंगे क्या ? इससे पहले, प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि, हम चुप बैठने वाले नहीं हैं, हमने चूड़ियां नहीं पहनी हैं। बीजेपी की यह कार्रवाई पूरी तरह से बदले की भावना से प्रेरित है। कांग्रेस इस कानूनी और राजनीतिक कार्रवाई का मुंहतोड़ जवाब देगी। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर लिखा कि, कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर सुनियोजित हमला किया गया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि, भाजपा सरकार कुछ ही महीनों की मेहमान है।
