यमुना में ‘जहर’ वाले बयान पर अरविंद केजरीवाल के खिलाफ हरियाणा में FIR दर्ज की गई। यह मुकदमा कुरुक्षेत्र के लोकल कोर्ट के शाहबाद पुलिस थाने में दर्ज किया गया है। 27 जनवरी को केजरीवाल ने यमुना के पानी को जहरीला करने का आरोप लगाया था। केजरीवाल ने कहा था कि दिल्ली के लोगों को पीने के लिए पानी हरियाणा और उत्तर प्रदेश से मिलता है। भाजपा की हरियाणा सरकार ने यमुना के पानी को जहरीला कर दिया है। इससे पहले 29 जनवरी को सोनीपत कोर्ट ने भी केजरीवाल को इस मामले में नोटिस भेजा था। हरियाणा सिंचाई विभाग के एक अधिकारी ने सोनीपत सीजेएम नेहा गोयल की कोर्ट में शिकायत दायर की थी। केजरीवाल ने क्या कहा था… केजरीवाल ने कहा था- हरियाणा सरकार ने दिल्ली के पानी को जहरीला कर दिया है। दिल्ली जल बोर्ड ने उस पानी को दिल्ली में आने से रोक दिया। भाजपा सरकार ने पानी में ऐसा जहर मिलाया है, जिसे जल उपचार संयंत्रों द्वारा भी साफ नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा था कि इससे दिल्ली के एक तिहाई हिस्से में पानी की कमी हो गई है। दिल्ली में अफरा-तफरी मचाने के लिए ऐसा किया गया है ताकि दिल्ली के लोग मरें और इसका दोष AAP पर आए। 5 फरवरी को वोटिंग, 8 को रिजल्ट दिल्ली विधानसभा चुनाव का प्रचार 3 फरवरी की शाम 5 बजे थम गया। अब बुधवार यानी 5 फरवरी को वोटिंग होगी और 8 फरवरी को रिजल्ट आएगा। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन AAP, भाजपा, कांग्रेस के नेताओं ने जमकर जनसंपर्क किया।
