छत्तीसगढ़ के कोरबा में साफ-सफाई और जुर्माने की बात को लेकर निगम आयुक्त और दुकानदार के बीच जमकर बहस हो गई। आयुक्त आशुतोष पांडेय ने जब गंदगी फैलाने पर जुर्माना मांगा तो दुकानदार भड़क गया। उसने कहा- मुझे मंत्री लखनलाल देवांगन से लेकर जयसिंह अग्रवाल तक जानते हैं। महापौर से लेकर सभापति तक मुझे जानते हैं। दुकानदार ने कहा- मैं कुछ नहीं देने वाला हूं। वैसा बोलोगे तो आधा शहर निगम में घुसवा दूंगा, मैं इतना पावर रखता हूं। मैं कौन हूं नाम पता कर लेना आप। आयुक्त और दुकानदार के बीच हुई इस पूरी बातचीत का वीडियो भी सामने आया है। दुकानदार के आयुक्त के साथ इस रवैए पर नगर निगम के पार्षदों ने विरोध जताया। सभी पार्षद एकजुट होकर बुधवार को कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। वहीं, सफाई कर्मचारी उत्तम दास ने बदसलूकी और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शिकायत की है। यह पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पहले देखिए तस्वीरें… अब जानिए पूरा मामला जानकारी के अनुसार, नगर निगम की टीम कोरबा शहर में साफ-सफाई को लेकर कार्रवाई कर रही थी। मंगलवार (4 अगस्त) को जब निगम टीम पावर हाउस रोड पर साफ-सफाई को लेकर कार्रवाई कर रही थी, तभी एक बैग दुकान के बाहर गंदगी मिली, इस पर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने दुकानदार दीपक धामेचा और अजय धामेचा को जुर्माना लगाने की बात कही। इस बात पर दुकानदार दीपक धामेचा और आयुक्त के बीच बहस हो गई। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दुकानदार ने कहा- आप बोल देते कि अब से ऐसा मत करना तो कल से नहीं दिखेगा। इस पर आयुक्त ने कहा- कचरा उठाकर यहां डलवाओ। दुकानदार ने जवाब देते हुए कहा- ले आकर डलवाकर दिखा दो कचरा, अगर ऐसे ही बात है। यहां कौन नहीं जानता मुझे। लखनलाल देवांगन से लेकर जय सिंह अग्रवाल तक जानते हैं मुझे। महापौर से लेकर सभापति तक जानते हैं मुझे। आयुक्त ने पूछा- तुम अभी फाइन दे रहे हो या नहीं। दुकानदार ने कहा- मैं कुछ नहीं देने वाला हूं। वैसा बोलोगे तो आधा शहर निगम में घुसवा दूंगा। मैं कौन हूं नाम पता कर लेना आप। छोटा सी दुकान देखकर ये मत समझना कि हल्का-फुल्का आदमी हूं। भाई एक बार ये कहते कि अब से मत करना तो इतना समझ में आता है, लेकिन ये दो… वो दो… ये कर दूंगा…वो कर दूंगा। उस पर से धमकी दे रहे हो दुकान के आगे बदबूदार कचरे से भरा एक ट्रैक्टर डलवा दूंगा। अंग्रेजों का शासन चल रहा है क्या। नगर निगम सफाई के लिए रखे हो कि कचरा गिराने के लिए रखा गया है। वहीं, सफाई कर्मचारी उत्तम दास ने कोतवाली थाने में दुकानदारों के खिलाफ शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। पार्षदों ने की कार्रवाई की मांग इधर, इस घटना की जानकारी मिलते ही नगर निगम के पार्षद, अधिकारियों और कर्मचारियों ने विरोध जताया। इस मामले को लेकर नगर निगम के पार्षदों ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। पार्षदों ने दीपक धामेचा और अजय धामेचा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की। पार्षदों ने आरोप लगाया कि दोनों ने सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई है, इसलिए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। पार्षदों ने कहा कि नगर निगम के कर्मचारी शहर की सफाई और जनहित से जुड़े कार्यों को पूरा करने के लिए लगातार काम करते हैं। ऐसे में उनके साथ गाली-गलौज या धमकी जैसी घटनाएं गंभीर है। उनका कहना है कि अगर सरकारी कर्मचारियों के साथ इस तरह का व्यवहार होगा तो इससे नगर की सफाई व्यवस्था और विकास कार्य प्रभावित हो सकते हैं। ज्ञापन सौंपने वालों में वार्ड 21 की पार्षद कुमारी वर्मा, वार्ड 16 के रामकुमार साहू, वार्ड 36 के अजय कुमार गौड़, वार्ड 28 की निर्मलजीत कौर, वार्ड 17 के लक्ष्मण श्रीवास, उपसभापति संतोष सिंह ठाकुर सहित अन्य पार्षद शामिल थे। फिलहाल, पार्षदों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ………………… इससे जुड़ी खबर भी पढ़ें… दुर्ग महापौर बोली- ठेला हटाओ नहीं तो एक लगाऊंगी, VIDEO: बीच सड़क दुकान लगाने पर भड़कीं; ट्रोल होने पर कहा- शब्द गलत थे, इरादा नहीं छत्तीसगढ़ के दुर्ग नगर निगम की महापौर अल्का बाघमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वे सड़क किनारे ठेला लगाने वाले दुकानदारों को धमकाते नजर आ रही हैं। वीडियो में उन्होंने गुपचुप वाले से कहा कि अभी के अभी ठेला हटाओ, एक लगा दूंगी मैं, मेरा हाथ उठ जाएगा, 10 बार समझा चुकी हूं। इस वीडियो की लोगों ने खूब आलोचना भी की, हालांकि बीच सड़क ठेला लगाने पर कुछ लोग सपोर्ट में भी आए। पढ़ें पूरी खबर…
