राजधानी रायपुर में बीएड छात्रा की उसके लिव-इन पार्टनर ने मारपीट के बाद गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी युवती को बेहोशी की हालत में मेकाहारा (अंबेडकर अस्पताल) लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवती की मौत की जानकारी मिलते ही आरोपी मौके से फरार हो गया। मृतका के घरवालों ने आरोपी के खिलाफ हत्या की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है। पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान भारती नेताम और आरोपी की पहचान सावंत बघेल के रूप में हुई है। यह मामला मुजगहन थाना के बोरियाकला स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का है। वहीं खमतराई थाना क्षेत्र के डब्ल्यूआरएस कॉलोनी तालाब में मिली युवती नंदनी जैन की मौत की गुत्थी भी पुलिस ने सुलझा ली है। मृतका की पहचान टिकरापारा निवासी नंदनी जैन के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि युवती की हत्या उसके प्रेमी करण तांडी ने की थी। दोनों के बीच चल रहे विवाद के बाद आरोपी ने कथित तौर पर वारदात को अंजाम दिया और शव तालाब में फेंककर फरार हो गया। पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। जानिए क्या है पूरा मामला मुजगहन पुलिस के अनुसार, कांकेर जिले के ग्राम कोकपुर की रहने वाली भारती नेताम रायपुर के विकास महाविद्यालय में बीएड की पढ़ाई कर रही थी। वह पिछले 6-7 महीने से कोंडागांव के सावंत बघेल के साथ बोरियाकला में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। सावंत डीएलएड का छात्र है। भारती की शिक्षिका बहन ने पुलिस को बताया कि सावंत अक्सर भारती पर शक करता था और उसके साथ मारपीट भी करता था। 4 अगस्त की रात भारती ने फोन कर अपनी बहन को बताया था कि सावंत ने उसके साथ मारपीट की है और वह वापस अपने गांव कोकपुर आना चाहती है। बहन ने उसकी मदद के लिए किराए और अन्य खर्च के लिए 3 हजार रुपए ऑनलाइन भेजे थे। लेकिन भारती गांव लौट पाती, उससे पहले ही आरोपी ने वारदात को अंजाम दे दिया। गले और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान 5 अगस्त को जब परिजन मेकाहारा पहुंचे तो उन्होंने भारती का शव स्टेचर पर पड़ा देखा। परिजनों के मुताबिक, उसके बाईं आंख के पास, कनपटी पर चोट और खरोंच के निशान थे। वहीं गर्दन के पीछे और ठोड़ी पर भी चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। पुलिस ने आरोपी को किया हिरासत परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मेकाहारा में लाश छोड़कर भागे आरोपी सावंत बघेल को हिरासत में लिया गया है। मुजगहन निरीक्षक अमित कौशिक ने इसकी पुष्टि की है। खमतराई हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझाई खमतराई थाना क्षेत्र के डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित तालाब में मिली युवती की लाश की गुत्थी रायपुर पुलिस ने सुलझा ली है। मृतका की पहचान टिकरापारा निवासी नंदनी जैन के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि युवती की हत्या उसके प्रेमी करण तांडी ने की थी। पुलिस के मुताबिक, दोनों की तीन साल पहले इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। पिछले कुछ समय से दोनों के बीच बेवफाई के शक को लेकर लगातार विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन भी दोनों की मुलाकात हुई, जहां कहासुनी इतनी बढ़ गई कि आरोपी ने गला दबाकर नंदनी की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की नीयत से शव को डब्ल्यूआरएस कॉलोनी के तालाब में फेंक दिया और फरार हो गया। हालांकि शव की पहचान होने के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। दोनों मामलों का खुलासा पुलिस कर सकती है। …………………………. इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… गर्लफ्रेंड को परेशान करने पर जिंदा दफनाया:रायपुर में पाकिस्तानी मूल के युवक का मर्डर, सांस नली में मिट्टी फंसने से मौत, 5 अरेस्ट रायपुर में बॉयफ्रेंड ने उसकी प्रेमिका को परेशान करने वाले युवक को जिंदा जमीन में दफना दिया। लकड़ी से हमला करने पर युवक बेहोश हो गया था। आरोपी उसी हालत में युवक को माना से अभनपुर ऑटो में लेकर गए, जहां खदान में जमीन खोदकर दफना दिया। घटना के 5 दिन बाद उसकी लाश मिली थी। पढ़ें पूरी खबर…
