डोंगरगढ़ में प्रेम-प्रसंग विवाद में युवक पर चाकू से हमला:रायपुर में युवक का इलाज जारी, आरोपी भिलाई से गिरफ्तार

राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में प्रेम-प्रसंग के विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला किया गया। घायल युवक का इलाज रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को भिलाई से गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 2 अगस्त की शाम करीब 7 बजे क्रॉस पहाड़ी क्षेत्र में हुई। जानकारी के अनुसार, आर्यन तिवारी अपनी युवती मित्र के साथ वहां मौजूद थे। इसी दौरान महावीर पारा निवासी विक्रम कुल्लू (19) वहां पहुंचा और दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी विक्रम कुल्लू ने पहले गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद उसने धारदार चाकू निकालकर आर्यन के पेट पर वार कर दिया। हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल आर्यन को तत्काल डोंगरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल, पेंड्री (राजनांदगांव) रेफर किया गया। हालांकि, हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे रायपुर के मेकाहारा अस्पताल भेज दिया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही डोंगरगढ़ पुलिस सक्रिय हो गई। साइबर थाना राजनांदगांव की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की गई। तकनीकी इनपुट के आधार पर आरोपी विक्रम कुल्लू को भिलाई से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2) और 109 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।

More From Author

रायपुर में 45 करोड़ के नकली नोटों का सौदा:सोशल मीडिया से हुआ संपर्क,महाराष्ट्र-रायपुर में बैठक; 1.13 करोड़ एडवांस लेकर फरार हुए आरोपी

वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव बनेंगी डीएसपी:सीएम साय ने किया 30 लाख के इनाम का भी ऐलान, कॉमनवेल्थ गेम्स में जीता रजत पदक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *