राजनांदगांव की वेटलिफ्टर खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव ने सोमवार को रायपुर में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से मुलाकात की। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से उनके रायपुर स्थित निवास कार्यालय में मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें 30 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि और आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति देने की घोषणा की। ज्ञानेश्वरी यादव ने स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 की वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में रजत पदक जीता है। ज्ञानेश्वरी को डॉ. रमन सिंह ने दी बधाई विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने ज्ञानेश्वरी यादव को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर राजनांदगांव की बेटी द्वारा रजत पदक हासिल करना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। डॉ. सिंह ने आगे कहा कि यह सफलता प्रदेश के लाखों युवाओं, विशेषकर बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने खिलाड़ी के कठिन परिश्रम, समर्पण और दृढ़ संकल्प की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहन और उचित अवसर देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि ज्ञानेश्वरी यादव खेल के साथ-साथ प्रशासनिक सेवा में भी अपने अनुशासन और समर्पण से छत्तीसगढ़ एवं भारत का नाम रोशन करती रहेंगी।
