बंगाल पुलिस ने पूर्वी बर्धमान जिले से जैश-ए-मोहम्मद के संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया है। स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने हामिद मंडल नाम के इस शख्स को गुरुवार देर रात एक हाउसिंग कॉम्प्लेक्स से पकड़ा। पुलिस के मुताबिक हामिद के मोबाइल और घर से मिले दस्तावेजों से पता चला कि वह मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के बारे में जानकारी जुटा रहा था। शक है कि वह किसी हमले की साजिश रच रहा था। जांच एजेंसियों की नजर से बचने के लिए मंडल पिछले दो से तीन महीनों से छिपा हुआ था। हालांकि, पड़ोसियों का दावा है कि वह करीब डेढ़ साल से वहां रह रहा था। हामिद को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। पुलवामा हमले के मास्टरमाइंड का करीबी पुलिस के मुताबिक, मंडल पुलवामा हमले के मास्टरमाइंड कि वह सज्जाद भट का करीबी सहयोगी है। 14 फरवरी 2019 को पुलवामा में जैश के आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से भरी कार लेकर सीआरपीएफ जवानों के काफिले से टकरा गया था। हमले में 40 जवान शहीद हो गए थे। भाजपा बोली- बदला लेने की फिराक में कट्टरपंथी संदिग्ध आतंकी के पकड़े जाने के बाद भाजपा प्रवक्ता देबजीत सरकार ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल दशकों से कट्टरपंथी इस्लामी समूहों के लिए सुरक्षित गलियारा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कट्टरपंथी समूह अब उन नेताओं पर हमले की कोशिश कर रहे हैं, जिन्होंने चरमपंथियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया है।
