वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प फीफा वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल देखने न्यू जर्सी पहुंचेंगे। व्हाइट हाउस ने इसकी पुष्टि की है। स्पेन-अर्जेंटीना के बीच होने वाले खिताबी मैच से पहले ट्रम्प न्यूयॉर्क स्थित ट्रम्प टॉवर में आयोजित फीफा स्वागत समारोह में भी हिस्सा लेंगे। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने राष्ट्रपति के सप्ताहांत कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि ट्रम्प शुक्रवार को न्यूयॉर्क में फीफा रिसेप्शन में शामिल होंगे। रविवार को न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम में वर्ल्ड कप फाइनल का मुकाबला देखेंगे। लेविट ने कहा कि यह टूर्नामेंट अमेरिकी इतिहास का सबसे ज्यादा देखा गया, सबसे सुरक्षित और सबसे सफल वर्ल्ड कप रहा है। उनके मुताबिक, यह आयोजन दुनिया के सबसे बड़े खेल मंच की मेजबानी करने की अमेरिका की क्षमता का प्रमाण है। फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फैन्टिनो भी पुष्टि कर चुके हैं कि वे ट्रम्प के साथ फाइनल देखेंगे। दोनों मिलकर विजेता टीम को ट्रॉफी सौंपेंगे। उन्होंने हाल ही में एक इंटरव्यू में कहा था कि विश्व कप फाइनल के बाद ट्रंप उनके साथ पुरस्कार वितरण समारोह में मौजूद रहेंगे। विश्व कप 2026 का फाइनल 19 जुलाई (स्थानीय समय) को न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम में खेला जाएगा। सेमीफाइनल में अर्जेंटीना ने इंग्लैंड को 2-1 से हराकर और स्पेन ने फ्रांस को 2-0 से मात देकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई है। स्पोर्ट्स की अन्य खबरें भी पढ़िए… वर्ल्ड कप फाइनल और तीसरे स्थान के मैच के लिए ऑफिशियल्स के नाम तय न्यू जर्सी। फीफा ने वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल और तीसरे स्थान के मुकाबले के लिए मैच अधिकारियों की घोषणा कर दी है। 19 जुलाई (स्थानीय समय) को होने वाले अर्जेंटीना और स्पेन के बीच खिताबी मैच में स्लोवेनिया के स्लावको विंचिच रेफरी की भूमिका निभाएंगे। विंचिच के साथ उनके हमवतन टोमाज क्लान्चनिक और आंद्राज कोवाचिच क्रमशः पहले और दूसरे सहायक रेफरी होंगे। अदहम मखादमेह को चौथा अधिकारी और मोहम्मद अलकलाफ को रिजर्व सहायक रेफरी नियुक्त किया गया है। वहीं, इंग्लैंड और फ्रांस के बीच होने वाले तीसरे स्थान के मुकाबले में वेनेजुएला के जीसस वालेंजुएला रेफरी होंगे। उनके साथ जॉर्ज उरेगो और टुलियो मोरेनो सहायक रेफरी की जिम्मेदारी संभालेंगे। जलाल जायेद चौथे अधिकारी और जकारिया ब्रिंसी रिजर्व सहायक रेफरी होंगे। पेले की जर्सी 42 करोड़ रुपए में नीलाम, 1958 वर्ल्डकप फाइनल में पहनी थी न्यूयॉर्क। ब्राजील के महान फुटबॉलर पेले की 1958 फीफा वर्ल्ड कप फाइनल में पहनी गई जर्सी करीब 42 करोड़ रुपए (49 लाख अमेरिकी डॉलर) में नीलाम हुई है। सोथबीज की नीलामी में यह पेले से जुड़ी अब तक की सबसे महंगी खेल स्मृति (मेमोराबिलिया) बन गई है। नीलामी के दौरान इस जर्सी के लिए 10 बोलियां लगीं और पांच से अधिक बोलीदाताओं ने इसमें हिस्सा लिया। यह फुटबॉल इतिहास की दूसरी सबसे महंगी नीलाम हुई जर्सी बन गई। पहले स्थान पर अर्जेंटीना के महान खिलाड़ी डिएगो मैराडोना की 1986 विश्व कप क्वार्टर फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ पहनी गई जर्सी है, जो 2022 में 93 लाख डॉलर में बिकी थी। ब्राजील की प्रतिष्ठित नंबर-10 जर्सी पहनकर 17 वर्षीय पेले ने 1958 विश्व कप फाइनल में मेजबान स्वीडन के खिलाफ दो गोल किए थे। ब्राजील ने यह मुकाबला 5-2 से जीतकर अपने इतिहास का पहला विश्व कप खिताब जीता था। पेले 1958 वर्ल्ड कप फाइनल में गोल करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं और यह रिकॉर्ड आज भी कायम है। सोथबीज के अनुसार, यही जर्सी 2004 में भी नीलाम हुई थी, तब इसकी कीमत 70,505 पाउंड मिली थी।
————————————————
