मछली चोरी की रंजिश में चौकीदार की हत्या:बिलासपुर में स्कार्पियो से टक्कर मारकर लाठी-डंडों से पीटा, 3 हिरासत में

बिलासपुर के रतनपुर थाना क्षेत्र में मछली चोरी का वीडियो बनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद हत्या तक पहुंच गया। शनिवार रात आरोपियों ने चौकीदार की बाइक को स्कार्पियो से टक्कर मार दी और फिर लाठी-डंडों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना शनिवार रात करीब 9 बजे नवागांव कैंप जाने वाले रास्ते पर हुई। चौकीदार तिरिथराम यादव अपने साथी श्याम सिंह पोर्ते के साथ बाइक से खूंटाघाट बांध की ओर जा रहे थे, तभी स्कार्पियो में सवार आरोपी पहुंचे और उनकी बाइक को टक्कर मारकर दोनों को गिरा दिया। खेत तक दौड़ाकर पीटा, मौके पर मौत बाइक से गिरने के बाद आरोपियों ने दोनों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जान बचाने के लिए तिरिथराम यादव खेत की ओर भागे, लेकिन आरोपी उनके पीछे दौड़े और बेरहमी से पीटते रहे। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं श्याम सिंह किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। मछली चोरी का विरोध बना हत्या की वजह मृतक तिरिथराम यादव और श्याम सिंह पोर्ते खूंटाघाट बांध में चौकीदारी करते थे। शिकायत के अनुसार, गोलू धीवर और अनिश धीवर वहां लगातार मछली चोरी करते थे। तिरिथराम ने चोरी का विरोध किया था और वीडियो भी बनाया था। इसी दौरान आरोपियों ने उनका मोबाइल तोड़ दिया था, तभी से दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही थी। पहले भी हुई थी पुलिस कार्रवाई रतनपुर थाना प्रभारी नीलेश पांडेय ने बताया कि मोबाइल तोड़ने की शिकायत पहले भी थाने में दर्ज हुई थी। उस मामले में आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई थी। साथी ने बताई पूरी घटना श्याम सिंह पोर्ते ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात दोनों बाइक से नवागांव कैंप जा रहे थे। रास्ते में गोलू धीवर, अनिश धीवर और उनके अन्य साथी स्कार्पियो से पहुंचे। आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से बाइक को टक्कर मारी। इसके बाद अनिश ने श्याम सिंह को पकड़ लिया, जबकि गोलू ने डंडे से दोनों पर हमला शुरू कर दिया। तिरिथराम भागे, लेकिन आरोपियों ने उन्हें पकड़कर पीट-पीटकर मार डाला। हत्या का केस दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। श्याम सिंह की शिकायत पर रतनपुर थाने में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

More From Author

कांकेर बॉर्डर पर नक्सलियों का डंप मिला:हथियार और लैपटॉप बरामद; डीआरजी-बीएसएफ ने की संयुक्त कार्रवाई

पोस्ता-डोडा तस्करी करते 4 आरोपी गिरफ्तार:बिलासपुर में 3.264 किलो माल जब्त; पुलिस को देखते ही भाग रहे थे आरोपी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *