छत्तीसगढ़ के रायपुर में मैकेनिक महेश दास मानिकपुरी की खुदकुशी से पहले का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें वो कह रहा है कि, मैं प्रतिमा और बंटी पुलिस वाले की वजह से फांसी लगा रहा हूं। उसने मेरी जिंदगी बर्बाद कर दी। मुझे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। उसने कहा कि, बंटी क्राइम ब्रांच खमतराई, प्रतिमा मानिकपुरी, मोगरा दास, गोपीदास मानिकपुरी और उनके पिता ने मुझे बहुत परेशान किया। मुझे मरने के लिए मजबूर किया है। कथित रूप से वसूली के लिए दबाव बनाने का भी आरोप लगाया है। घटना के 9 दिन बाद मृतक के मोबाइल से मिले वीडियो के आधार पर परिजनों ने दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है। अधिकारियों ने जांच का आश्वासन दिया है। मामला खमतराई थाना इलाके का है। देखिए तस्वीरें… अब पढ़िए क्या है पूरा मामला जानकारी के मुताबिक, खमतराई निवासी महेश दास मानिकपुरी ने 3 जुलाई को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद परिजनों ने उसका मोबाइल सुरक्षित रख लिया था। करीब 9 दिन बाद जब उन्होंने मोबाइल की जांच की, तो उसमें रिकॉर्ड किया गया एक वीडियो मिला। वीडियो में महेश ने पुलिसकर्मी बंटी का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि वह उसे लगातार परेशान कर रहा था और कथित रूप से वसूली के लिए दबाव बना रहा था। महेश ने वीडियो में अपनी मानसिक प्रताड़ना का भी जिक्र किया है। परिजनों ने की निष्पक्ष जांच की मांग वीडियो देखने के बाद परिजनों ने पुलिस अधिकारियों से मिलकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि, यदि समय रहते शिकायत पर ध्यान दिया जाता, तो शायद महेश की जान बच सकती थी। परिजनों ने आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अधिकारियों ने जांच का दिया आश्वासन इस मामले में खमतराई टीआई जितेंद्र जायसवाल ने दैनिक भास्कर से चर्चा के दौरान बताया कि, मृतक के परिजनों की शिकायत पर जांच की जा रही है। सुसाइड करने वाले महेश दास मानिकपुरी पर 6 महीने पहले फर्जी पुलिसकर्मी बनकर पैसे लेने के आरोप में कार्रवाई की गई थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, वीडियो की सत्यता, उसमें लगाए गए आरोपों और बाकी परिस्थितियों की बारीकी से जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई और मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। …………………….. इससे संबंधित यह खबर भी पढ़िए… भिलाई के होटल में म्यूजिक आर्टिस्ट की लाश मिली: रातभर शव के साथ कमरे में रही गर्लफ्रेंड, भाई बोला- सुसाइड नहीं, हत्या हुई छत्तीसगढ़ के भिलाई में एक होटल के कमरे में 19 साल के युवक की लाश मिली है। युवक का नाम शादाब बताया जा रहा है, जो म्यूजिक आर्टिस्ट था। शादाब मंगलवार शाम 4 साल बड़ी गर्लफ्रेंड के साथ होटल पहुंचा था। उसके दोस्तों को कॉल आया कि शादाब बेहोश हो गया है। पढ़ें पूरी खबर…
