छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के बैकुंठपुर में आरक्षक की बेटी के सुसाइड मामले में पुलिस ने आईसी मार्ट के संचालक विनोद वैद को गिरफ्तार कर लिया है। मामले के 2 अन्य आरोपी पिता-पुत्र अब भी फरार हैं। पुलिस ने दोनों पर 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। वहीं, राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग मामले की जांच करेगा। पुलिस जांच में सामने आया कि आईसी मार्ट संचालकों ने छात्रा पर कॉस्मेटिक सामान चोरी करने का आरोप लगाया था। आरोपियों ने उसकी स्कूटी जब्त कर ली। स्कूटी लौटाने के बदले 50 हजार रुपए मांगे। छात्रा से चोरी स्वीकार करने वाला नोट भी लिखवा था। इससे मानसिक रूप से परेशान होकर 17 साल की पूजा सिंह ने सुसाइड नोट लिखने के बाद फांसी लगा ली थी। सुसाइड नोट में पूजा ने लिखा था, “मम्मी-पापा मुझे माफ कर देना। मेरी वजह से आप लोगों को बदनामी झेलनी पड़ रही है।” घटना के बाद पुलिस ने आईसी मार्ट के तीन संचालक भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज किया। दो आरोपी अब भी फरार पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी, आईसी मार्ट संचालक विनोद वैद (50) को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य दो आरोपी जगत कुमार (55) और उसका बेटा दीपक वैद (30) अब भी फरार हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस विनोद वैद को लेकर आईसी मार्ट भी पहुंची। कोरिया एसपी रवि कुमार कुर्रे जल्द मामले का खुलासा करेंगे।
अनुसूचित जनजाति आयोग ने मांगी 3 दिन में रिपोर्ट राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग ने नाबालिग छात्रा के आत्महत्या मामले की जांच करने का फैसला लिया है। आयोग ने मीडिया में प्रकाशित खबर और आदिवासी नेता डॉ. नंदकुमार साय के पत्र पर एक्शन लेते हुए प्रशासन से तीन दिन के भीतर कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है। आयोग के सहायक निदेशक पीके दास ने जारी नोटिस में कहा है कि तय समय में जवाब नहीं मिलने पर आयोग संविधान से मिली सिविल न्यायालय की शक्तियों का इस्तेमाल कर सकता है। अब जानिए क्या है पूरा मामला ? पुलिस लाइन बैकुंठपुर में रहने वाले आरक्षक शिवनाथ सिंह पैकरा की बेटी पूजा सिंह (17) आत्मानंद स्कूल में कक्षा 11वीं की छात्रा थी। मंगलवार (7 जुलाई) को वो अपनी छोटी बहन के साथ सामान खरीदने के लिए बैकुंठपुर के संजय चौक स्थित आईसी मार्ट (सुपर मार्केट) गई थी। आईसी मार्ट संचालक ने छात्रा पर करीब 1500 रुपए के कॉस्मेटिक सामान पैसे दिए बिना रखने का आरोप लगाया। हालांकि, छात्रा और उसकी बहन सामान लेकर दुकान से बाहर नहीं निकली थीं। छात्रा और उसकी बहन के साथ मार्ट संचालक ने अभद्रता भी की थी। आरोप है कि दुकान संचालक ने छात्रा को डांटा और उससे एक कागज पर सामानों की लिस्ट बनाई और उसमें लिखवाया कि, मैं पूजा और मेरी बहन छाया आईसी मार्ट से चोरी किए हैं। संचालक ने दोनों का दस्तखत कराया। मार्ट संचालक ने उनकी स्कूटी अपने पास रख ली। छात्रा की जानकारी पर उसके मामा एसआई अलंगो दास मार्ट पहुंचे तो संचालक ने 20 हजार रुपए स्कूटी छोड़ने के लिए मांगा। मामले की जानकारी मिलने के बाद बुधवार (8 जुलाई) सुबह छात्रा के पिता आरक्षक शिवनाथ सिंह पैकरा आईसी मार्ट पहुंचे तो संचालक ने उससे 50 हजार मांगे। बुधवार दोपहर पूजा सिंह की मां रितु मायके से बस स्टैंड पहुंची थी, जिसे लेने शिवनाथ पैकरा बस स्टैंड पहुंचे थे। इस बीच पूजा सिंह ने घर में फांसी लगा ली थी। आदिवासी समाज ने की कार्रवाई की मांग इस मामले में सर्व आदिवासी समाज ने शुक्रवार को पूर्व विधायक गुलाब कमरो के नेतृत्व में कोरिया कलेक्टर और एसपी को ज्ञापन सौंपा। समाज ने मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही 24 घंटे के भीतर उनकी गिरफ्तारी का अल्टीमेटम दिया है। चेतावनी दी गई है कि अगर तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। ………………….. इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… चोरी के आरोप के बाद आरक्षक की बेटी ने लगाई-फांसी: मार्ट संचालक ने कॉस्मेटिक चुराने का आरोप लगाकर नोट लिखवाया, 50,000 मांगे; FIR दर्ज
छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के बैकुंठपुर में आरक्षक की बेटी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। आईसी मार्ट के संचालक ने उस पर कॉस्मेटिक सामान की चोरी करने का आरोप लगाकर स्कूटी जब्त कर ली थी। छोड़ने के एवज में 50 हजार रुपए की डिमांड की। चोरी का नोट भी लिखवा लिया। पढ़ें पूरी खबर…
