रायपुर में रोड-रेज का एक मामला सामने आया है। गाड़ी चलाने की मामूली बात पर चार युवकों ने एक व्यक्ति पर उसकी पत्नी के सामने चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों का नाम देवेंद्र नगर निवासी विजय सोनी ऊर्फ ढोलू ,लोकेश बघेल ऊर्फ लक्कू और गवत सोनी ऊर्फ भागो बताया जा रहा है। अब पढ़े क्या है पूरा मामला डीडी नगर थाना पुलिस के मुताबिक, रोहणीपुरम निवासी जानवी लालवानी ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 9 जुलाई की शाम उनके पति पवन कुमार लालवानी घर से अपने गोदाम जा रहे थे। लाखे नगर-रायपुरा मार्ग पर पहुजा ब्रदर्स के सामने सुंदर नगर में दो बाइक पर सवार चार युवकों ने लापरवाही से गाड़ी चलाने की बात को लेकर उन्हें रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने पहले गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए एक आरोपी ने धारदार हथियार से पवन के सीने पर वार किया। पवन ने खुद को बचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनके बाएं घुटने के पास फिर हमला कर दिया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। एसीसीयू-डीडी नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने पकड़ा आरोपी पीड़िता की शिकायत पर डीडी नगर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डीडी नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास के साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर तीन आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। फरार आरोपी की तलाश जारी गिरफ्तार आरोपियों में विजय सोनी उर्फ ढोलू (18), लोकेश बघेल उर्फ लक्कू (20) और भागवत सोनी उर्फ भागो (20) शामिल हैं। तीनों त्रिमूर्ति नगर क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और फरार चौथे आरोपी की तलाश की जा रही है।
