चार्ल्स शोभराज से प्रभावित होकर 300 होटलों में ठगी:वेटर से ठग बना जॉन, 10 राज्यों के 5 स्टार होटलों को निशाना बनाया

देशभर के 5 स्टार होटलों को निशाना बनाकर ठगी और चोरी करने वाले अंतरराज्यीय ठग बिंगसन जॉन को रायपुर पुलिस ने ओडिशा के भुवनेश्वर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 10 से ज्यादा राज्यों के करीब 300 होटलों में ठगी और चोरी करने का आरोप है। शुरुआती दिनों में वह एक होटल में वेटर था, लेकिन बाद में फर्जी पहचान के सहारे महंगे होटलों में ठहरकर वारदातें करने लगा। जांच में यह भी सामने आया कि वह कुख्यात ठग चार्ल्स शोभराज से प्रभावित था। रायपुर के तेलीबांधा स्थित हयात होटल में भी आरोपी 27 जून को ₹63,755 का बिल चुकाए बिना फरार हो गया था। वह होटल से करीब ₹1.48 लाख का किराए का लैपटॉप भी लेकर भाग गया था। होटल प्रबंधन की शिकायत पर जांच शुरू हुई, जिसके बाद पुलिस ने 72 घंटे के भीतर उसे भुवनेश्वर से गिरफ्तार कर लैपटॉप बरामद कर लिया। जानिए पूरा मामला मामला तेलीबांधा स्थित होटल हयात का है। होटल के सिक्योरिटी इंचार्ज सूरज सिंह की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी 25 जून को होटल में ठहरा था। 27 जून की सुबह वह बिना चेक-आउट किए होटल से भाग गया। उसने होटल का 63,755 रुपए का बिल भी नहीं चुकाया। इतना ही नहीं उसने अपनी मांग पर किराए पर लिया गया करीब 1.48 लाख रुपए का लैपटॉप भी साथ ले गया। बाद में होटल प्रबंधन ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसके दोनों मोबाइल नंबर बंद मिले। शिकायत मिलने के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। जांच के दौरान होटल में जमा दस्तावेजों और मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच की गई। इससे आरोपी की लोकेशन ओडिशा के भुवनेश्वर में मिली। पुलिस टीम वहां पहुंची और घटना के महज 72 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से होटल का लैपटॉप भी बरामद कर लिया है। 300 से ज्यादा 5 स्टार होटलों को बना चुका है निशाना पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 1990 से अब तक वह देशभर के 300 से अधिक 5 स्टार होटलों में ठगी और चोरी की वारदात कर चुका है। पुलिस के अनुसार वह पहली बार साल 1996 में तिहाड़ जेल गया था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कुख्यात ठग चार्ल्स शोभराज से प्रभावित था। इसी वजह से उसने लोगों को धोखा देने के नए-नए तरीके अपनाए। आरोपी खुद को कभी विदेशी ट्रैवल गाइड, कभी इंग्लिश टीचर तो कभी योगा टीचर बताकर महंगे होटलों में ठहरता था। कई दिनों तक होटल की सुविधाओं का इस्तेमाल करता और फिर बिना बिल चुकाए होटल का सामान लेकर फरार हो जाता था। तमिलनाडु का रहने वाला है आरोपी बिंगसन जॉन मूल रूप से तमिलनाडु के तूतीकोरिन का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक वह अब तक देश के अलग-अलग राज्यों की जेलों में करीब 15 साल बिता चुका है। रायपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, अब पुलिस दूसरे राज्यों में उसके खिलाफ दर्ज मामलों का रिकॉर्ड भी जुटा रही है। ………………… क्राइम से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… रायपुर में HPCL मैनेजर से 33 लाख की ठगी: टेलीग्राम में इन्वेस्टमेंट का झांसा देकर फंसाया, अकाउंट में ट्रांसफर कराए पैसे रायपुर में HPCL के मैनेजर से 33 लाख की ठगी हुई है। ठग ने टेलीग्राम के जरिए ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट का लालच देकर उन्हें अपने जाल में फंसाया। मैनेजर ने एक महीने में 33 लाख 49 हजार रुपए ठगों को ऑनलाइन ट्रांसफर किए थे। पढ़ें पूरी खबर…

More From Author

बिलासपुर जोन की 5 ट्रेनें 20-40 दिन तक कैंसिल:झारखंड-बिहार समेत 4 राज्यों के यात्री परेशान होंगे, अलग-अलग डेट पर रद्द रहेंगी

स्पोर्ट्स अपडेट:दूसरे टेस्ट से पहले श्रीलंका की मुश्किलें बढ़ीं, सिर्फ 13 फिट खिलाड़ी बचे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *