छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने पुलिस से लेकर ग्रामीणों तक सभी को हैरान कर दिया। गुण्डरदेही नगर के रामसागर तालाब में एक युवक घंटों तक पानी में तैरता दिखाई दिया। लोगों ने उसे मृत समझ लिया और पुलिस को सूचना दे दी। जब पुलिस ने उसे तालाब से बाहर निकाला तो युवक अचानक उठकर बैठ गया। यह नजारा देखकर मौके पर मौजूद सैकड़ों लोग दंग रह गए। घटना गुण्डरदेही नगर के वार्ड क्रमांक-3 स्थित रामसागर तालाब की है। जानिए क्या है पूरा मामला जानकारी के अनुसार, पास के मोहल्ले का रहने वाला सूरज ठाकुर सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे शराब के नशे में तालाब में नहाने गया था। दोपहर 3.30 बजे जब लोगों की नजर उस पर पड़ी तो वह काफी देर से पानी में एक ही जगह पड़ा दिखाई दिया। लोगों ने उसे डूबा हुआ समझा और वार्ड पार्षद सहित पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। युवक की पहचान भोला ठाकुर के बेटे सूरज ठाकुर के रूप में होने के बाद पंचनामा की तैयारी में जुटे पुलिसकर्मी तालाब में उतरे और उसे बाहर निकाला। जैसे ही उसे किनारे लाया गया, वह अचानक उठकर बैठ गया। यह देखकर पुलिसकर्मी और वहां मौजूद सैकड़ों ग्रामीण हैरान रह गए। घर में मातम, परिजन रोने लगे थे युवक के डूबने की खबर घर पहुंचते ही परिजनों में मातम छा गया। महिलाएं बिलख-बिलखकर रोने लगीं। इधर, पुलिस के आने तक किसी ने भी युवक को बाहर निकालने की हिम्मत नहीं की। जब सूरज जिंदा हालत में घर लौटा तो परिजनों ने राहत की सांस ली। अंतिम संस्कार की तैयारी तक शुरू हो गई थी ग्रामीणों ने युवक को मृत मान लिया था। कुछ लोग उसके रिश्तेदारों को सूचना देने लगे थे, जबकि वार्ड के युवाओं को अंतिम संस्कार के लिए काठी तैयार करने को भी कह दिया गया था। इसी बीच पुलिस ने युवक को बाहर निकाला और वह उठकर बैठ गया। जिससे पूरा माहौल एक पल में बदल गया। शराब के नशे में तालाब में नहाने गया था गुण्डरदेही थाना प्रभारी नवीन बोरकर ने बताया कि युवक शराब के नशे में तालाब में नहाने गया था। नशे की वजह से वह तालाब के पानी में ही पड़ा रहा। उसका सिर, नाक और मुंह पानी के ऊपर होने से उसकी जान बच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। फिलहाल उसकी हालत सामान्य है।
