कोंडागांव में कबीर जयंती पर निकली शोभायात्रा:कबीर आश्रमों में पूजा-अर्चना, अनुयायियों ने दोहे और भजनों से दिया प्रेम-सद्भाव का संदेश

संत कबीरदास जयंती के अवसर पर सोमवार को जिलेभर में कबीर पंथ अनुयायियों ने कार्यक्रम आयोजित किए। सुबह विभिन्न कबीर आश्रमों और पूजा स्थलों पर संत कबीरदास की प्रतिमा व चित्र पर माल्यार्पण कर पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद शहर में एक शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवा और बच्चे शामिल हुए। यह शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। इस दौरान श्रद्धालुओं ने संत कबीर के दोहे और भजनों का गायन किया, जिसके माध्यम से समाज में प्रेम, समानता, सद्भाव और मानवता का संदेश दिया गया। ‘बुरा जो देखन मैं चला…’ और ‘पोथी पढ़-पढ़ जग मुआ…’ जैसे दोहे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने हाथों में ध्वज और धार्मिक प्रतीक लेकर यात्रा में भाग लिया। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। कई जगहों पर पेयजल और शरबत की व्यवस्था भी की गई थी। कार्यक्रम के समापन पर समाज के वरिष्ठजनों ने संत कबीरदास के विचारों पर प्रकाश डाला और उनके बताए सत्य, अहिंसा, भाईचारे तथा सामाजिक समरसता के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। कबीर जयंती पर आयोजित इस शोभायात्रा ने धार्मिक आस्था का प्रदर्शन किया और समाज में एकता, सद्भाव तथा मानवीय मूल्यों का संदेश दिया।

More From Author

सूरजपुर में जुआ फड़ पर पुलिस की दबिश:दो गिरफ्तार, नकदी, बाइक समेत 1.08 लाख का सामान जब्त

पुजारीकांकेर पहुंची 108 एम्बुलेंस, युवक की बची जान:दलदली रास्तों से पार कर नक्सल प्रभावित क्षेत्र में मिली मदद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *