‘मन की बात’ की 135वीं कड़ी का आयोजन:कोरबा में 135 युवा और 135 महिलाओं ने सुनी, पर्यावरण और स्थानीय उत्पाद अपनाने की अपील

कोरबा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 135वीं कड़ी का सामूहिक श्रवण रविवार को भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के नेतृत्व में किया गया। इस आयोजन में 135 युवा और 135 महिलाओं सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुआ। उपस्थित सभी लोगों ने प्रधानमंत्री के संबोधन को एकाग्रता से सुना। ‘मन की बात’ की 135वीं कड़ी के अवसर पर ठीक 135 युवा और 135 महिलाओं की उपस्थिति विशेष रही, जो राष्ट्र निर्माण, आत्मनिर्भर भारत और सामाजिक जागरूकता से जुड़े संदेशों की साक्षी बनीं। यह सहभागिता युवाओं और महिलाओं में प्रधानमंत्री के विचारों के प्रति बढ़ते रुझान को दर्शाती है। भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने अपने उद्बोधन में कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से देशवासियों को निरंतर प्रेरणादायक और जनहित से जुड़ी जानकारी मिलती है। उन्होंने आगामी गणेश चतुर्थी पर प्रधानमंत्री के आह्वान का जिक्र करते हुए कहा कि प्लास्टर ऑफ पेरिस और रासायनिक रंगों वाली मूर्तियों के बजाय मिट्टी की गणेश प्रतिमाएं स्थापित कर पर्यावरण और जल स्रोतों की रक्षा की जाए। उन्होंने ‘वोकल फॉर लोकल’ का समर्थन करते हुए स्थानीय उत्पाद अपनाने की भी अपील की। गोपाल मोदी ने आगे कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का जो संकल्प प्रधानमंत्री ने लिया है, उसे साकार करने में हर नागरिक की भूमिका है। उन्होंने सभी से विकसित भारत में व्यक्तिगत योगदान का संकल्प लेने और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अपनी माँ के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाकर उसे संरक्षित करने का आग्रह किया। प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल रेडियो प्रसारण नहीं, बल्कि समाज को सकारात्मक दिशा देने और जनभागीदारी मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने जोड़ा कि प्रधानमंत्री के विचार युवाओं और महिलाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हैं।

More From Author

सूरजपुर में जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव:सांसद चिंतामणि महाराज ने बजाई शिक्षा की घंटी, नवप्रवेशी बच्चों को मिली किताबें और यूनिफॉर्म

सिया के इशारे पर चेतन ने केतन को धक्का दिया:पुलिस बोली- केतन गिरते वक्त सिया को न पकड़ सके, इसलिए बहाने से बैठ गई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *