विवादों के बीच बदले गए छत्तीसगढ़ यूथ कांग्रेस प्रभारी:अमित पठानिया हटाए गए, डॉ. स्मृति रंजन लेंका को मिली जिम्मेदारी

छत्तीसगढ़ यूथ कांग्रेस के चुनाव के बीच संगठन में बड़ा बदलाव हुआ है। यूथ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अमित पठानिया को हटाकर उनकी जगह डॉ. स्मृति रंजन लेंका को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। हालांकि कांग्रेस की ओर से इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन 26 जून को जारी स्टार परफॉर्मर की सूची डॉ. स्मृति रंजन लेंका के हस्ताक्षर से जारी होने के बाद बदलाव की पुष्टि मानी जा रही है। यह बदलाव ऐसे समय हुआ है, जब छत्तीसगढ़ यूथ कांग्रेस के चुनाव को लेकर लगातार विवाद और अनियमितताओं की शिकायतें सामने आ रही हैं। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद से ही परिसीमन को लेकर संगठन के भीतर नाराजगी देखने को मिली थी। बढ़ते विवाद के बीच नामांकन प्रक्रिया को भी स्थगित करना पड़ा था। परिसीमन विवाद के बाद टला था नामांकन यूथ कांग्रेस चुनाव की घोषणा 24 मई को की गई थी। इसके तहत ब्लॉक, जिला और प्रदेश स्तर पर नई टीम के गठन की प्रक्रिया शुरू होनी थी, लेकिन परिसीमन को लेकर उठे विवाद के बाद नामांकन प्रक्रिया को 15 जून तक स्थगित करना पड़ा था। इसके बाद भी विवाद थमा नहीं। हाल ही में जारी स्टार परफॉर्मर की सूची को लेकर सोशल मीडिया पर कई कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई थी। संगठन के अंदर चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे थे। 24 मई को हुआ था चुनाव कार्यक्रम का ऐलान यूथ कांग्रेस के चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक ब्लॉक और जिला कमेटियों के लिए 29 मई से 13 जून तक नामांकन होना था। वहीं प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश कार्यकारिणी के लिए 11 जून से 13 जून तक नामांकन की तिथि तय की गई थी। स्क्रूटनी के बाद सदस्यता अभियान और चुनाव प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से कराई जानी है। चुनाव लड़ने और सदस्य बनने के लिए उम्र सीमा 18 से 35 साल निर्धारित की गई है। आवेदकों को लाइव फोटो, वोटर आईडी, उम्र संबंधी दस्तावेज और 8 सेकंड का वीडियो भी अपलोड करना अनिवार्य किया गया है। एक व्यक्ति-एक पद का नियम चुनाव प्रक्रिया में ‘एक व्यक्ति-एक पद’ का नियम लागू किया गया है। कोई भी उम्मीदवार केवल एक पद के लिए ही नामांकन दाखिल कर सकता है। प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री जैसे प्रमुख पदों के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व की मंजूरी के बाद अंतिम नियुक्ति होगी। इसके लिए उम्मीदवारों का दिल्ली में इंटरव्यू भी लिया जाएगा। बदलाव के मायने क्या? यूथ कांग्रेस चुनाव के बीच प्रभारी बदलने को संगठनात्मक स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक हलकों में इसे चुनावी प्रक्रिया को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों और संगठन के भीतर बढ़ते असंतोष से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि पार्टी ने अभी तक अमित पठानिया को हटाने या डॉ. स्मृति रंजन लेंका को जिम्मेदारी सौंपने को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

More From Author

टॉप-10-कंपनियों में से 6 की वैल्यू ₹88 हजार करोड़ बढ़ी:ICICI बैंक टॉप गेनर रहा, वैल्यू ₹29,588 करोड़ बढ़ी; HDFC बैंक-रिलायंस का मार्केट कैप भी बढ़ा

UCC में ये नियम, लिवइन-कपल के बच्चों को मिलेगी संपत्ति:छत्तीसगढ़ में लागू करने हो रही स्टडी, जानिए गोवा-उत्तराखंड में क्या है प्रावधान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *