छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) के जवान ने घर के बाहर आम के पेड़ पर फांसी लगा ली। घरवालों ने उसे तुरंत फंदे से नीचे उतारा और इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। जांच के बाद डॉक्टरों ने जवान को मृत घोषित कर दिया। जवान जम्मू-कश्मीर में पोस्टेड था और छुट्टी पर घर आया था। इस दौरान उसका पत्नी से झगड़ा हुआ। इसके बाद वह रस्सी लेकर गुस्से में बाहर निकला और पेड़ पर चढ़कर फंदे से झूल गया। करीब 6 माह पहले भी जवान ने पत्नी और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए जहर पी लिया था। उसने वीडियो जारी कर पैसों की मांग, जान से मारने की धमकी और घर वालों से बात करने से रोकने जैसे आरोप लगाए थे। यह मामला राजपुर थाना क्षेत्र का है। पहले देखिए ये तस्वीरें- अब जानिए पूरा मामला जानकारी के मुताबिक, राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुंदीकला के रहने वाले राजाराम प्रजापति (35) की 2021 में CRPF में नौकरी लगी थी। उनकी पोस्टिंग जम्मू-कश्मीर में थी और वह वहीं ड्यूटी कर रहे थे। कुछ दिन पहले वह छुट्टी लेकर अपने गांव कुंदीकला आए थे। घर आने के बाद उनकी पत्नी से लगातार विवाद होने लगा। घर से निकला और आम पेड़ पर फांसी लगाई जवान के भाई शिवकुमार प्रजापति ने बताया कि बुधवार को भी राजाराम प्रजापति का पत्नी से विवाद हुआ। विवाद के बाद वह रस्सी लेकर दौड़कर घर से निकला और आम पेड़ पर चढ़कर फांसी पर झूल गया। उसके पीछे मां भी दौड़ी और शोर मचाई। शोर सुनकर शिवकुमार प्रजापति और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राजाराम को फांसी के फंदे से उतारा। उसकी सांसें चल रही थी। घरवाले उसे लेकर अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पत्नी-ससुराल पक्ष पर लगाया था प्रताड़ना का आरोप जवान के भाई शिवकुमार प्रजापति ने बताया कि दिसंबर 2025 में राजाराम ने जहर पी लिया था। उसने पत्नी और ससुराल पक्ष पर पैसे मांगने और प्रताड़ित करने की बातें कहकर वीडियो भी बनाया था। इस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किया था। भाई का कहना है कि पुलिस से भी शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। जवान राजाराम प्रजापति का करीब डेढ़ माह 2 अस्पतालों में इलाज चला था। ठीक होने के बाद वह ड्यूटी में लौट गया था। इसके बाद भी पत्नी और ससुराल से विवाद हो रहा था। मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पुलिस ने परिजनों का बयान दर्ज किया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। जानिए जवान ने वीडियो में क्या-क्या कहा था वीडियो में जवान ने बताया था कि छुट्टी पर घर आने के दौरान पत्नी के बुलाने पर वह बलरामपुर गए, जहां उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। उनका आरोप है कि उनसे लगातार पैसे, सोना और अन्य आर्थिक मांगें की जाती हैं। इसके अलावा मां, भाई और परिवार से दूरी बनाने का दबाव डाला जाता है। उन्होंने कहा कि पत्नी के कहने पर जमीन खरीदी और फैमिली क्वार्टर के लिए भी आवेदन किया, लेकिन पत्नी कहीं भी साथ रहने को तैयार नहीं हुई। जवान ने आरोप लगाया कि पत्नी रूपा प्रजापति, उसके परिजन और एक रिश्तेदार उन्हें बार-बार जान से मारने की धमकी देते थे। उन्होंने दावा किया कि राजपुर थाने में प्रभाव होने की बात कहकर उन्हें डराया जाता था। राजाराम ने कहा था कि लगातार तनाव और पारिवारिक विवादों के कारण उनकी मानसिक स्थिति बिगड़ गई है। जिसके चलते वह शराब पीने लगे थे। वीडियो में उन्होंने कहा कि उनकी आर्थिक क्षमता सीमित है, लेकिन शादी के बाद से अपनी आय का ज्यादातर हिस्सा परिवार पर खर्च किया है। …………………… इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… DRG जवान ने सर्विस-राइफल से खुद को मारी गोली:थाने के गेट के सामने बाइक पर बैठकर की आत्महत्या, बीजापुर का रहने वाला था छत्तीसगढ़ के बीजापुर में डीआरजी (DRG) के जवान ने अपनी सर्विस रायफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। यह घटना कोतवाली थाना के गेट के सामने हुई, जब जवान अपनी बाइक पर बैठा हुआ था। जवान मूल रूप से बीजापुर के आवापल्ली थानाक्षेत्र के मुर्दोंडा का रहने वाला है। जवान के आत्महत्या करने का कारण अभी अज्ञात है। पढ़ें पूरी खबर…
