FIFA वर्ल्ड कप 2026 में आज रात अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी और फ्रांस के किलियन एम्बापे खेलते दिखेंगे। अर्जेंटीना का मुकाबला ऑस्ट्रिया से रात 10:30 बजे से डलास स्टेडियम में खेला जाएगा। पिछले मैच में हैट्रिक गोल करने वाले मेसी से फिर अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। दूसरा मैच फ्रांस और इराक के बीच रात 2:30 बजे से फिलाडेल्फिया स्टेडियम में होगा। नॉर्वे और सेनेगल का मैच सुबह 5:30 बजे से, जबकि जॉर्डन और अल्जीरिया का मुकाबला सुबह 8:30 बजे से खेला जाएगा। मैच-43: लगातार दूसरी जीत के इरादे से उतरेगी चैंपियन अर्जेंटीना ग्रुप-J में शामिल डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना का मुकाबला ऑस्ट्रिया से होगा। इनके बीच दो फेंडली मैच खेले गए हैं। 1980 के मैच में अर्जेंटीना ने 5-1 से जीत दर्ज की थी। वहीं 1990 में मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा था। अर्जेंटीना ने इस टूर्नामेंट के पहले मैच में लियोनेल मेसी के हैट्रिक गोल की बदौलत अल्जीरिया को 3-0 से हराया था। वहीं ऑस्ट्रिया ने जॉर्डन के खिलाफ 3-1 से जीत दर्ज की थी। अर्जेंटीना को कप्तान लियोनेल मेसी से फिर गोल की उम्मीद होगी। वहीं रोड्रिगो डी पॉल और अल्वारेज भी अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे। वहीं स्टार डेविड अलाबा और मार्सेल सबित्जर के कंधों पर ऑस्ट्रिया की जिम्मेदारी होगी। दोनों टीमों की पॉसिबल स्टार्टिंग इलेवन: अर्जेंटीना: एमिलियानो मार्टिनेज, नाहुएल मोलिना, क्रिस्टियन रोमेरो, लिसैंड्रो मार्टिनेज, फैकुंडो मदीना, रोड्रिगो डी पॉल, एलेक्सिस मैक एलिस्टर, एन्जो फर्नांडीज, थियागो अल्माडा, लियोनेल मेसी, जूलियन अल्वारेज। ऑस्ट्रिया: श्लेगर, म्वेने, डैनसो, लियनहार्ट, पोश, सीवाल्ड, लैमर, सबित्ज़र, बाउमगार्टनर, श्मिड, अरनाउतोविच। मैच-42: इराक के सामने एम्बापे की चुनौती ग्रुप-I में शामिल फ्रांस और इराक की टीमें पहली बार किसी इंटरनेशनल मैच में आमने-सामने होंगी। फ्रांस ने अपने पहले मैच में सेनेगल को 3-1 से हराकर दमदार शुरुआत की थी। दूसरी तरफ इराक को नार्वे से 1-4 की हार झेलनी पड़ी थी। फ्रांस को कप्तान और स्ट्राइकर किलियन एम्बाप्पे से गोल की उम्मीद होगी। एम्बापे और गोलकीपर माइक मैग्नन का अच्छा प्रदर्शन टीम की जीत तय कर सकते हैं। वहीं इराक को अपने स्टार फॉरवर्ड अयमान हुसैन से काउंटर-अटैक में गोल दागने की उम्मीद होगी। दोनों टीमों की पॉसिबल स्टार्टिंग इलेवन: फ्रांस: मैग्नन, कुंडे, उपामेकानो, सालिबा, हर्नांडीज, चुआमेनी, कैमाविंगा, ग्रीजमैन, डेम्बेले, बारकोला, किलियन एम्बाप्पे। इराक: हाशिम, अली, सुलाका, अदन, अल-हज्जाज, रशीद, अमारी, इकबाल, जसीम, रेसान, अयमान हुसैन। मैच-41: इनफॉर्म अर्लिंग हालैंड को रोकने उतरेगी सेनेगल ग्रुप-I में शामिल नार्वे का सामना सेनेगल से होगा। वर्ल्ड कप के मंच पर दोनों टीमें पहली बार टकराएंगी। दोनों टीमें सिर्फ एक बार इंटरनेशनल फ्रेंडली मैच में आमने-सामने थीं, जहां सेनेगल ने जीत दर्ज की थी। नार्वे के स्टार स्ट्राइकर अर्लिंग हालैंड जबरदस्त फॉर्म में हैं, जिन्होंने इराक के खिलाफ हैट्रिक जमाई थी। यह मैच नॉर्वे ने 4-1 से जीता था। वहीं सेनेगल पहला मैच फ्रांस से 1-3 से हारी थी। अर्लिंग हालैंड और कप्तान मार्टिन ओडेगार्ड की जोड़ी नार्वे की सबसे बड़ी ताकत है। वहीं सेनेगल सादियो माने और निकोलस जैक्सन पर निर्भर है। दोनों टीमों की पॉसिबल स्टार्टिंग इलेवन: नार्वे: नाइलैंड, रायरसन, अयेर, हेगम, वोल्फ, एउर्सनेस, बर्गे, थॉर्स्टवेड, ओडेगार्ड, ऑस्कर बॉब, अर्लिंग हालैंड। सेनेगल: मेंडी, डियट्टा, कौलीबाली, नियाखाते, डियोफ, कैमारा, इद्रिसा गेये, पापे गेये, इसमाइला सार, निकोलस जैक्सन, सादियो माने। मैच-44: जॉर्डन और अल्जीरिया के लिए जीत जरुरी ग्रुप-J में शामिल दोनों टीमें अपना पहला मैच हार चुकी हैं। जॉर्डन को ऑस्ट्रिया ने 3-1 से और अल्जीरिया को अर्जेंटीना ने 3-0 से हराया था। जॉर्डन और अल्जीरिया के बीच 3 मैच खेले गए हैं। अल्जीरिया ने 1974 में 6-0 से, जॉर्डन ने 1988 में 2-1 से जीत दर्ज की थी। वहीं 2004 का मैच 1-1 से ड्रॉ रहा था। वर्ल्ड कप के इतिहास में दोनों अरब देशों की यह पहली भिड़ंत है। जॉर्डन को अली ओलवान और मूसा तामरी पर से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। वहीं अल्जीरिया का दारोमदार अनुभवी विंगर रियाद महरेज और अमीन गौरी पर होगा। दोनों टीमों की पॉसिबल स्टार्टिंग इलेवन: जॉर्डन: अबुलैला, अबुआलनादी, यजान अल-अरब, नसीब, एहसान हदाद, अल-रश्दान, अल-रवाबदेह, अबू ताहा, अली ओलवान, फखौरी, मूसा तामरी। अल्जीरिया: लुका जिदान, बेलघाली, बेंसेबैनी, ईसा मांडी, ऐत-नूरी, बेंटालेब, बौदाउई, जेरौकी, रियाद महरेज, अमीन गौरी, फारेस चैबी।
