आरक्षक पर चढ़कर लात-मुक्कों और ड्राइवर को चप्पल से पीटा,VIDEO:सूरजपुर एक्सीडेंट में 3 दोस्तों की मौत,घायलों को लेने पहुंची डायल-112 टीम पर फूटा गुस्सा

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में ग्रामीणों ने डायल 112 के कर्मियों के साथ जमकर मारपीट की। ग्रामीणों ने 112 टीम में शामिल पुलिस आरक्षक के ऊपर बैठकर और ड्राइवर को लात-मुक्कों और चप्पल से इतना पीटा की वे बेहोश हो गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दरअसल, शुक्रवार की रात प्रतापपुर-सेमरसोत रोड पर खड़े ट्रक से एक बाइक में सवार चार युवक तेज रफ्तार में टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर प्रतापपुर से डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पहले हादसे में दो घायलों को टीम ने प्रतापपुर हॉस्पिटल पहुंचाया। जब टीम दोबारा पहुंची तो ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गाड़ियों की चेकिंग और ट्रक को रोकने के कारण यह हादसा हुआ। इसी बात को लेकर गुस्साए ग्रामीणों ने आरक्षक नीतेश टोप्पो और ड्राइवर के साथ बेरहमी से मारपीट की। बतादें कि इस हादसे में 3 युवकों की मौके पर मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक में आग लगा दी। यह मामला प्रतापपुर थाना क्षेत्र के बैकोना गांव की है। पहले देखिए तस्वीरें जानिए क्या है पूरा मामला जानकारी के मुताबिक, चारों दोस्त एक ही बाइक पर सवार होकर बैकोना से शादी समारोह में शामिल होने खजूरी गांव जा रहे थे। ग्राम पंचायत रामपुर के मुख्य मार्ग से गुजर रहे थे, तभी सड़क किनारे हादसे के बाद खड़े मक्का लोड ट्रक से उनकी बाइक पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि, बाइक पूरी तरह डैमेज हो गई और 3 युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घायल अरमान पैकरा को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक में लगाई आग घटना से नाराज और गुस्साए लोगों की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक को आग के हवाले कर दिया। आग इतनी तेजी से फैली कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक हो गया। सड़क किनारे खड़े भारी वाहन की सुरक्षा व्यवस्था और पर्याप्त रिफ्लेक्टर्स या साइन बोर्ड नहीं होने की बात भी सामने आ रही है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया। उन्होंने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। डेढ़ घंटे पहले इसी ट्रक से टकराई थी कार इस हादसे से करीब डेढ़ घंटे पहले, प्रतापपुर-सेमरसोत रोड पर शिवपुर के पास इसी ट्रक और कार के बीच रात करीब 10 बजे टक्कर हो गई थी। टक्कर के बाद कार सवारों और ट्रक ड्राइवर के बीच विवाद हो गया। विवाद की सूचना पर पुलिस पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। पुलिस टीम को देखकर ट्रक ड्राइवर सड़क पर ट्रक को छोड़कर भाग निकला। कार का सिर्फ साइड मिरर टूटा था, जिस कारण कार सवार पुलिस के साथ चर्चा के बाद मौके से चले गए। पुलिस टीम भी वापस लौट गई। इसके बाद 11:30 से 12 के बीच सड़क पर खड़े इसी ट्रक से बाइक सवार युवक टकरा गए। डायल 112 कर्मियों के साथ मारपीट हादसे की सूचना पर डायल-112 की टीम दोबारा मौके पर पहुंची। मौके पर गंभीर रूप से 4 बाइक सवार युवक घायल हालत में पड़े थे। डायल-112 की टीम ने दो घायलों को प्रतापपुर अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद दो युवकों को लेने के लिए मौके पर पहुंची। इस दौरान हादसे की सूचना पर बैकोना के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए थे। बैकोना के ग्रामीणों ने गाड़ियों की चेकिंग करने और ट्रक को रोकने के कारण हादसा होने का आरोप लगाकर आरक्षक नीतेश टोप्पो और ड्राइवर से मारपीट कर दी। ग्रामीणों ने आरक्षक नीतेश के ऊपर बैठकर लात, मुक्कों से मारा। वहीं ड्राइवर को लात-मुक्कों के साथ चप्पलों से बेरहमी से पीटा। मारपीट में नीतेश टोप्पो और ड्राइवर को चोटें आई हैं। शिवपुर के ग्रामीणों ने दोनों को बचाया और दोनों घायलों को डायल 112 टीम ने हॉस्पिटल पहुंचाया। पुलिसकर्मियों से मारपीट के बाद गुस्साए लोगों ने ट्रक को आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने दर्ज की FIR इस मामले में प्रतापपुर SDOP अनूप एक्का ने कहा कि, डायल 112 की टीम के साथ मारपीट की सूचना पर चार नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ प्रतापपुर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। अभी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। अनूप एक्का ने कहा कि डायल 112 टीम पर चेकिंग करने का आरोप पूरी तरह से गलत है। टीम बिना कोई सूचना के कहीं नहीं जा सकती, उनके एक-एक मिनट का हिसाब होता है। मामले में कड़ी कार्रवाई होगी। ……………………….. इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें….. खड़े ट्रक से टकराई बाइक, 3 दोस्तों की मौत:सूरजपुर में शादी में जा रहे थे, गुस्साई भीड़ ने गाड़ी फूंकी, पुलिसकर्मियों को पीटा छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में तेज रफ्तार बाइक सवार 4 दोस्त सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गए। हादसे में 3 युवकों की मौके पर मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक में आग लगा दी। डायल 112 के पुलिसकर्मियों से मारपीट भी की। चारों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर शादी में शामिल होने जा रहे थे। पढ़ें पूरी खबर…

More From Author

तमिलनाडु की सीफूड फैक्ट्री में गैस रिसाव, 7 की मौत:65 से ज्यादा घायल, 9 वेंटिलेटर पर; मरने वालों में सभी महिलाएं

ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश से टी-20 सीरीज 3-0 से जीती:तीसरे मुकाबले में 7 विकेट से हराया; मिचेल मार्श की फिफ्टी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *