भास्कर न्यूज | चिरमिरी द एसोसिएशन ऑफ वी क्लब्स ऑफ इंडिया, डिस्ट्रिक्ट जी 3-323 अपराजिता के तत्वावधान में तृतीय कैबिनेट बैठक और आभार सम्मेलन 14 जून को जबलपुर में हुआ। यहां सालभर की सामाजिक और सेवा गतिविधियों में बेहतर काम करने वाले क्लबों और सदस्यों को सम्मान मिला। वी क्लब चिरमिरी पहल ने 25 अवार्ड जीतकर जिले और क्षेत्र का नाम रोशन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट वी मनीषा सोनी ने की। मुख्य अतिथि पास्ट डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट वी अंशु गोयल रहीं। सम्मेलन में पूरे साल क्लबों के सेवा कार्य, सामाजिक गतिविधियां, जनकल्याण कार्यक्रमों का मूल्यांकन हुआ। इसी आधार पर वी क्लब चिरमिरी पहल को अलग-अलग श्रेणियों में सम्मान मिला। क्लब के बैनर प्रेजेंटेशन को पहला स्थान मिला। सम्मान लेने वालों में क्लब अध्यक्ष वी कमला शुक्ला, सचिव वी रविंदर कौर, एरिया एडवाइजर वी रश्मि वधावन, डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन वी ममता सिन्हा शामिल रहीं। सभी ने उपलब्धियों का श्रेय टीम भावना और लगातार सेवा कार्यों को दिया। डिस्ट्रिक्ट स्तर की प्रतियोगिताओं में भी क्लब के सदस्यों को सम्मान मिला। सावन उत्सव प्रतियोगिता में वी रविंदर कौर, तुलसी गमला सजाओ प्रतियोगिता में वी संजू बघेल, हिंदी दिवस प्रतियोगिता में वी आशा गुलकारी को सम्मानित किया गया। लकी ड्रॉ में वी रश्मि वधावन, वी ममता सिन्हा पुरस्कृत हुईं। क्लब की माइक्रो चेयरपर्सन और डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन को भी सालभर के काम के लिए विशेष सम्मान मिला। क्लब सदस्यों के मुताबिक शिक्षा, स्वास्थ्य, बालिका संरक्षण और विकास, महिला सशक्तिकरण, प्रतिभा सम्मान, खेल प्रोत्साहन, सामाजिक जागरूकता के क्षेत्रों में लगातार काम हो रहा है। जरूरतमंद विद्यार्थियों को स्कूल बैग बांटे गए। गरीब और असहाय बुजुर्गों को कंबल दिए गए। स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाए गए। सामाजिक सहायता कार्यक्रम किए गए। पदाधिकारियों ने कहा, 25 अवार्ड क्लब के लिए गौरव हैं। यह सम्मान सभी सदस्यों का है। उन्होंने आगे भी हर वर्ग तक सेवा और सहयोग पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
