15 साल की अक्षरा के 126 बॉल में 306 रन:U-19 टूर्नामेंट में 55 चौके और 8 छक्के लगाए, 233 मिनट क्रीज पर रहीं

15 साल की अक्षरा गुप्ता ने बिहार की विमेंस U-19 वनडे टूर्नामेंट में तिहरा शतक लगा दिया। उन्होंने 126 गेंदों में नाबाद 306 रन की पारी खेली। भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड ग्राउंड में गुरुवार को खेली गई इस पारी में उन्होंने 242.86 की स्ट्राइक रेट से 55 चौके और 8 छक्के लगाए। अक्षरा ने 16 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। वहीं 34 गेंदों में शतक जड़ दिया। वे 233 मिनट तक क्रीज पर रहीं। बिहार के रक्सौल की रहने वाली अक्षरा अंडर-19 महिला टीम की कप्तान हैं। अक्षरा एक ही सीजन में BCCI के चारों एज ग्रुप- अंडर-15, अंडर-19, अंडर-23 और सीनियर महिला टीम के टूर्नामेंट खेलने वाली बिहार की पहली महिला क्रिकेटर भी बनी हैं। अक्षरा की पारी बिहार में सबसे बड़ी, घरेलू क्रिकेट में इरा का रिकॉर्ड बरकरार अक्षरा गुप्ता की नाबाद 306 रन की पारी बिहार महिला क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी वनडे पारी बन गई है। हालांकि, महिला घरेलू क्रिकेट में सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड अभी भी मुंबई की इरा गुप्ता के नाम है। इरा ने जनवरी 2025 में बेंगलुरु के अलूर क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए BCCI महिला अंडर-19 वनडे टूर्नामेंट में मेघालय के खिलाफ नाबाद 346 रन बनाए थे। उनकी पारी में 42 चौके और 16 छक्के शामिल थे। वैभव सूर्यवंशी के बाद बिहार की नई चर्चा अक्षरा हाल के दिनों में सुर्खियां बटोरने वाली बिहार की दूसरी युवा क्रिकेटर बनी हैं। इससे पहले बिहार के ताजपुर के 15 साल के वैभव सूर्यवंशी भारतीय टीम में चयन के बाद चर्चा में आए थे। वैभव 26 जून से आयरलैंड के खिलाफ शुरू होने वाली टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम के साथ जाएंगे। इसके बाद वह इंग्लैंड दौरे पर भी टीम का हिस्सा होंगे। फिलहाल वह श्रीलंका में खेली जा रही ट्राई सीरीज में हिस्सा ले रहे हैं।

More From Author

पाकिस्तानी टेस्ट प्लेयर्स की फीस दोगुनी होगी:ICC टूर्नामेंट जीतने पर 500% बोनस मिलेगा; महिला क्रिकेटर निदा ने वापसी का ऐलान किया

इंग्लैंड टीम के फुटबॉल वर्ल्डकप बेस के पास फायरिंग:एक की मौत, 4 घायल, हमलावर फरार; 4 दिन पहले गाड़ी से समान चोरी हुआ था

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *