रेत तस्करी विवाद में जिंदा जलाए गए भाजपा नेता,3 मौतें:परिवार बोला- समझौते के लिए गए थे, हाईवा अड़ाकर फॉर्च्यूनर में लगाई आग, एनकाउंटर करें

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रेत तस्करी विवाद में भाजपा नेता और पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह समेत तीन लोगों की हत्या कर दी गई। मामले में अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पीड़ित परिवार के मुताबिक भरत समझौते के लिए गए थे लेकिन उन पर हमला हो गया। उन्होंने आरोपियों के एनकाउंटर और सीबीआई जांच मांगी है। जानकारी के मुताबिक, एक रेत घाट का ठेका भाजपा नेता भरत सिंह के परिवार को मिला था। इसके बाद पूरे क्षेत्र में रेत परिवहन को लेकर अवैध वसूली की जा रही थी। दबदबा इतना था कि भाजपा नेता फॉर्च्यूनर में हूटर बजाते हुए चलते थे। घटना कोरिया जिले के नौगईं गांव की है। आरोपियों ने मंगलवार देर रात फॉर्च्यूनर के आगे-पीछे हाईवा अड़ाकर रास्ता रोका, फिर वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इस हमले में भाजपा के पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह जिंदा जल गए। फॉर्च्यूनर में सवार लल्ला सिंह के चचेरे भाई और शिक्षक नागेंद्र सिंह की भी बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। उनका अंतिम संस्कार आज बैकुंठपुर में किया जाएगा। इससे पहले बुधवार को भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह और वीरेंद्र सिंह का अंतिम संस्कार किया जा चुका है। हमले में घायल मयंक सिंह की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। उनके सिर और चेहरे में गंभीर चोटें आई हैं। उनका इलाज अपोलो अस्पताल, बिलासपुर में चल रहा है। भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह पहले कांग्रेस में थे और भूपेश बघेल सरकार के दौरान भाजपा में शामिल हुए थे। वहीं आरोपी मनोज त्रिपाठी को पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री और भाजपा विधायक रेणुका सिंह का करीबी नेता माना जाता है। देखिए पहले ये तस्वीरें- रेत तस्करी से अवैध उगाही को लेकर बढ़ा विवाद रेत के अवैध खनन को लेकर लल्ला सिंह का भाजपा नेता मनोज त्रिपाठी के परिवार से विवाद चल रहा था। चिरमी के रेत घाट का ठेका करीब 8 माह पहले नागेंद्र सिंह के बेटे के नाम पर मिला था। इसके बाद लल्ला सिंह और उनका परिवार सोनहत, कैलाशपुर और तेलीमुड़ा, बेलिया और छिंगुरा से निकलने वाले अवैध रेत से भी वसूली शुरू कर दी। भाजपा नेता लल्ला सिंह और उनके परिवार के सदस्य फार्च्यूनर में हूटर बजाते हुए चलते थे और प्रति हाईवा 1000 रुपए का शुल्क लेते थे। जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में एक हाईवा रेत 5000 रुपये तक में बिकती है। त्रिपाठी परिवार के पास कुछ टीपर वाहन हैं, जिनसे वे रेत निकालकर जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में बेचते थे। त्रिपाठी परिवार दूसरे घाट से निकाले गए रेत का पैसा देने तैयार नहीं था, जिसे लेकर कई माह से दोनों परिवारों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई थी। शिकायत दर्ज कर हटवाया हूटर, मारपीट से बढ़ा तनाव भाजपा नेता भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े करीबी और दबंग नेता थे। भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह पहले कांग्रेस में थे। भूपेश सरकार के समय भाजपा में शामिल हुए थे। वहीं आरोपी मनोज त्रिपाठी पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री और भाजपा विधायक रेणुका सिंह का करीबी नेता माना जाता है। भरत सिंह की फार्च्यूनर गाड़ी में हूटर लगाए जाने की शिकायत सोनहत थाने में दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने भरतपुर-सोनहत विधायक रेणुका सिंह के दबाव में कार्रवाई कर हूटर हटवा दिया था, जिसके बाद तनाव और बढ़ गया। मंगलवार को त्रिपाठी परिवार के निशांत त्रिपाठी के साथ सिंह परिवार के मयंक सिंह, उत्कर्ष सिंह, लवकुश सिंह और अन्य ने नौगईं के शिवघाट के पास मारपीट कर दी। मामले में एफआईआर सोनहत थाने में दर्ज कराई गई थी। यह घटना हत्याकांड की वजह बन गई। परिवार का दावा-समझौते के लिए गए थे लल्ला सिंह मंगलवार 16 जून को नौगईं में हुई मारपीट की घटना के बाद लल्ला सिंह अपने भाईयों और अन्य लोगों के साथ नौगईं पहुंचे। सिंह परिवार के अनुसार लल्ला सिंह समझौते के लिए नौगईं पहुंचे थे। एक गाड़ी में लल्ला सिंह, उनके चचेरे भाई नागेंद्र सिंह और एक अन्य सवार थे। दूसरी गाड़ी में मयंक सिंह, योगेंद्र सिंह, विरेंद्र सिंह सवार थे। उनके साथ एक अन्य गाड़ी भी थी। आरोप है कि लल्ला सिंह के आने की सूचना पर त्रिपाठी परिवार ने योजनाबद्ध तरीके से हमला कर दिया। जब लल्ला सिंह ने त्रिपाठी परिवार को मारपीट पर उतारू देखा तो उन्होंने फार्च्यूनर से भागने की कोशिश की, इस दौरान आरोपियों ने हाईवा से कार को दो बार टक्कर मारी और गाड़ी के लॉक हो जाने पर पेट्रोल डालकर कार में आग लगा दी। कार में फंसे नागेंद्र सिंह खिड़की तोड़कर बाहर आए, हालांकि वे 80 प्रतिशत जल गए थे। विरेंद्र सिंह के सिर पर आरोपियों ने फरसे से वार कर दिया। मयंक सिंह और योगेंद्र सिंह भी हमले में घायल हो गए। 9 के खिलाफ एफआईआर, 4 गिरफ्तार सरगुजा आईजी दीपक झा ने बताया कि मामले में सोनहत पुलिस ने 9 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इनमें मनोज त्रिपाठी, निशांत त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश, मन्नू त्रिपाठी, गौरव त्रिपाठी, महेंद्र त्रिपाठी, अमन, अक्षय त्रिपाठी शामिल हैं। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पांच अन्य नामजद आरोपी फरार हैं।
रामचंद्र सिंहदेव के करीबी माने जाते थे भरत सिंह भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह क्षेत्र के प्रभावशाली भाजपा नेताओं में गिने जाते थे और सोनहत क्षेत्र में उनकी मजबूत राजनीतिक पकड़ मानी जाती थी। वे पहले कांग्रेस से जुड़े थे। रामचंद्र सिंहदेव के करीबी रहे, लेकिन बाद में मतभेद होने पर भूपेश सरकार के समय भाजपा में शामिल हो गए थे। हालांकि, इस मामले 9 लोगों के खिलाफ FIR हुई है। अक्षत त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी, मनोज त्रिपाठी सहित 4 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। एक दिन पहले भी हुआ था विवाद रेत घाट को लेकर दोनों पक्षों के बीच 3 दिन पहले भी विवाद हुआ था। विवाद के बाद मनोज त्रिपाठी के भाई निशांत त्रिपाठी ने उत्कर्ष सिंह, लवकुश सिंह और मयंक सिंह के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी। इनमें लल्ला सिंह और उनके भाई के बेटे भी शामिल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि रेत तस्करी के मुद्दे पर तनाव लगातार बढ़ रहा था। बुधवार को विवाद फिर भड़क गया, जिसके बाद यह हिंसक वारदात सामने आई। मनोज त्रिपाठी को भाजपा विधायक रेणुका सिंह का करीबी नेता माना जाता है। पुलिस घटनाक्रम की जांच कर रही है और विवाद से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाल रही है। परिवार ने की एनकाउंटर और CBI जांच की मांग सोनहत विकासखंड के नौगई गांव में मृतक भरत सिंह घर में शोक का माहौल है। परिजनों ने कहा कि आरोपियों का एनकाउंटर होना चाहिए। साथ ही निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई जांच कराने की मांग की है। भाजपा नेता एक दूसरे के खून के प्यासे बन चुके- बैज कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज कहा कि प्रदेश में रेत खनन को लेकर गैंगवार चल रहा है। सत्ता के संरक्षण में भारतीय जनता पार्टी के नेता एक दूसरे के खून के प्यासे बन चुके हैं। माफिया राज, गुंडाराज हावी है। सत्ता के संरक्षण में सब चल रहा है। अंधेर नगरी चौपट राजा की सरकार है। ……………………. क्राइम से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… कांग्रेस नेता के बेटे की सिर पर गोली मारकर हत्या: नकाबपोश बदमाश घर में घुसे, फायरिंग की; पिता बोले- रेत के कारोबार के कारण मारा छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में कांग्रेस नेता के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। 23 अप्रैल की रात तीन बदमाश नकाब पहनकर घर घुसे और फायरिंग कर दी। आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। मामला बिर्रा थाना क्षेत्र के करही गांव का है। पढ़ें पूरी खबर…

More From Author

रिपोर्ट- होर्मुज सिर्फ 60 दिन फ्री रहेगा:ईरान को ₹28 लाख करोड़ हर्जाना, कभी परमाणु हथियार नहीं बना पाएगा; डील के 14-पॉइंट्स की पूरी डिटेल

अरुण साव बोले- काम करना है या नहीं, VIDEO:PWD अफसरों से बोले- 2017 से काम अधूरा पड़ा, मजाक कर रहे हैं या नौकरी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *