आबकारी मंत्री बोले-शराब के पैसे से दे रहे महतारी वंदन:भड़कीं महिलाओं ने कहा- घर बर्बाद करने वाली ऐसी योजना नहीं चाहिए, बंद करो दुकान

छत्तीसगढ़ के सरगुजा के दरिमा में खोले गए अंग्रेजी शराब दुकान के विरोध में महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया है। महिलाओं ने कहा कि, शराब दुकान की आय से महतारी वंदन का पैसा दिया जा रहा है, तो हमें महतारी वंदन नहीं चाहिए। उन्होंने सोमवार को सरगुजा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर 3 दिन में शराब दुकान हटाने का अल्टीमेटम दिया है, वरना महिलाएं आंदोलन करेंगी। इससे पहले आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा था कि, आबकारी विभाग से मिलने वाले पैसे का इस्तेमाल महतारी वंदन योजना, एमएससी और आवास योजना के तहत गरीबों के लिए घर बनाने में किया जा रहा है। जिसके बाद महिलाओं ने कहा कि, ऐसी योजनाओं का लाभ नहीं चाहिए, जिससे किसी का घर बर्बाद हो।
जानिए क्या है पूरा मामला ? दरअसल, सरगुजा में आबकारी विभाग ने दरिमा में एयरपोर्ट के बाहर गांव में अंग्रेजी शराब दुकान खोल दिया है। जिसके विरोध में दूसरी बार महिलाएं अंबिकापुर पहुंचीं। एक सप्ताह पहले महिलाओं ने कलेक्टर को जनदर्शन में शराब दुकान हटाने का आवेदन दिया था। इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई तो महिलाओं ने सोमवार को फिर से अंबिकापुर पहुंचकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने 3 दिन में शराब दुकान हटाने का अल्टीमेटम दिया है। वरना आंदोलन करने की चेतावनी दी है। ऐसे पैसों से हमें योजनाओं का लाभ नहीं चाहिए आशा दास ने कहा कि, आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने अपने बयान में कहा है कि शराब बेचने से जो आय होती है, उससे महतारी वंदन और बाकी योजनाओं के लिए पैसा दिया जाता है। आशा दास ने कहा कि सरकार की आर्थिक स्थिति इतनी खराब है कि शराब के पैसे से महतारी वंदन का पैसा दिया जा रहा है, तो हमें महतारी वंदन का पैसा नहीं चाहिए। हम शराब दुकान नहीं हटाने तक प्रदर्शन करेंगे। सरकार यदि गरीब स्थिति में है, तो वो शराब न बेचे। योजना भी न चलाए। क्योंकि किसी के हाय के पैसे से किसी का भविष्य उज्जवल नहीं होता। किसी का घर उजाड़कर किसी का घर नहीं बसता है। मंत्री जी यह आंकड़ा भी लगाएं मंत्री जी शराब से मिलने वाले आया का आंकड़ा लगा लिए, लेकिन मंत्री जी यह आंकड़ा भी लगाए कि, उस शराब को पीने से कितने बहनों का घर उजड़ा। कितनी माताएं अपने बेटे के लिए तरसीं। कितने युवाओं का एक्सीडेंट हुआ। कितने लोगों का लीवर और किडनी खराब हो गए। कितनी महिलाओं को टेंशन में अटैक आया, कितनों ने फांसी लगा ली। इसलिए ऐसे पैसे से हम महतारी वंदन का पैसा नहीं लेना चाहते। पीएम आवास भी नहीं चाहिए। पैसा नहीं है, तो योजना का लाभ न दें। लेकिन जनता को सही तरीके से जीने दें। किसी भी शर्त पर शराब दुकान नहीं चलने देंगे महिलाओं ने कहा कि, पहले इस इलाके के युवा सरकारी भर्तियों में चयनित हो रहे थे। शराब बिकने से आसानी से युवाओं को शराब मिलने लगा है। जिससे उनका भविष्य बर्बाद हो रहा है। महिलाओं ने कहा कि, किसी भी शर्त पर वे दरिमा में शराब दुकान नहीं चलने देंगे। शराब दुकान हटाने तक देंगे धरना महिलाओं ने कहा कि, शराब दुकान को 3 दिन में नहीं हटाया जाता है, तो वे आंदोलन करेंगी। शराब दुकान हटाने तक आंदोलन चलेगा। शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर करीब 30 महिलाएं सरगुजा कलेक्टर के पास पहुंची थीं। अब जानिए आबकारी मंत्री ने क्या कहा था ? आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने कुछ दिन पहले कहा था कि, बहुत दुकानें नहीं खुली है, कुछ ही दुकान खुले हैं। आबकारी विभाग से मिलने वाली राशि का इस्तेमाल महतारी वंदन योजना, एमएससी और आवास योजना के तहत गरीबों के लिए घर बनाने में किया जा रहा है।

More From Author

छत्तीसगढ़ में बिजली महंगी, अब ₹6.71 प्रति यूनिट लगेगा:आयोग ने 24% की 6.23% वृद्धि की मंजूर, 1 जुलाई से लागू होंगी नई दरें

सुप्रीम कोर्ट बोला- RTI एक्टिविज्म अब बिजनेस बन गया है:सरकार अपने काम का ध्यान खुद रख लेगी; पूछा- एक्टिविस्ट कौन होते हैं निगरानी करने वाले

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *