सूर्यघर योजना की प्रगति पर जिला स्तर पर समीक्षा:लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर जोर, सौर ऊर्जा से घर-घर बिजली पहुंचाने के लक्ष्य पर फोकस

प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की प्रगति की समीक्षा के लिए शुक्रवार को जिला पंचायत में बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन ने की। बैठक में योजना के तहत प्राप्त आवेदनों, स्वीकृत प्रकरणों और ऋण वितरण की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ ने सभी बैंकों को स्वयं स्रोत (सेल्फ-सोर्स्ड) आवेदनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए बैंक सक्रिय भूमिका निभाएं और हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करें। समीक्षा के दौरान सीएसईबी अधिकारियों को भी योजना से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर हितग्राहियों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया, ताकि सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापना की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो। बैठक में सभी विभागों और बैंक प्रतिनिधियों से बेहतर समन्वय के साथ योजना के लक्ष्यों को समय पर पूरा करने का आह्वान किया गया। इस दौरान अग्रणी जिला प्रबंधक मोहम्मद मोफिज, सीएसईबी के कार्यपालन अभियंता तथा विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के माध्यम से जिले में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने और घर-घर स्वच्छ ऊर्जा पहुंचाने की दिशा में तेजी से कार्य करने पर सहमति बनी।

More From Author

जगदलपुर में पुराने फिल्टर प्लांट में लगी आग:मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम, आग पर काबू पाने की कोशिश

असम-नागालैंड राज्य अब मिलकर क्रूड ऑयल बनाएंगे:सीनियर डिप्लोमैट रुद्र तुर्की में भारत के नए राजदूत होंगे, 13 जून के करेंट अफेयर्स

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *