तत्काल की कतार, बेहिसाब इंतजार…:आरक्षण केंद्र में सुबह 6 बजे से लाइन, 10 बजे खुला काउंटर, 30 को टोकन, टिकट सिर्फ ​3 को

गर्मी की छुट्टियां खत्म होने के साथ ही ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ अचानक बढ़ गई है। देश के प्रमुख रूट पर कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। ऐसे में यात्रियों की आखिरी उम्मीद तत्काल टिकट पर टिकी हुई है, लेकिन तत्काल टिकट बुकिंग के दौरान आईआरसीटीसी की वेबसाइट और एप भी यात्रियों की परेशानी बढ़ा रहे हैं। टिकट बुकिंग शुरू होते ही वेबसाइट पर भारी ट्रैफिक आने से ओवरलोड की समस्या आ रही है, जिससे हजारों यात्रियों को टिकट नहीं मिल पा रहा है। यात्रियों का कहना है कि तत्काल टिकट खुलते ही वेबसाइट धीमी पड़ जाती है या फिर ओवरलोड का संदेश दिखाने लगती है। कई बार भुगतान प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी टिकट कन्फर्म नहीं हो पाता। ऑनलाइन टिकट नहीं मिलने पर बड़ी संख्या में लोग रेलवे आरक्षण केंद्र पहुंच रहे हैं, लेकिन वहां भी राहत नहीं मिल रही है। लंबी कतारों में घंटों इंतजार के बावजूद अधिकांश यात्रियों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है। लोगों की लगातार सामने आ रही शिकायत के बाद भास्कर ने जब तत्काल टिकट बुकिंग सिस्टम की पड़ताल की तो कई चौंकाने वाले मामले सामने आए। टिकट ​बुकिंग के लिए लोग सुबह से कतार में रहते हैं। ​काउंटर खुलते ही उन्हें टोकन तो मिलता है, लेकिन नंबर आने से पहले ही साइट क्रैश हो जाती है या सीटें खत्म। ऐसे में उन्हें बिना टिकट के ही वापस लौटना पड़ता है। भुगतान करने से पहले ही सीटें खत्म
रायपुर निवासी पलाश जोशी ने बताया कि उन्हें भोपाल जाना है। पिछले तीन दिनों से तत्काल टिकट बुक करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन टिकट खुलते ही आईआरसीटीसी की साइट धीमी पड़ जाती है। कई बार भुगतान तक पहुंचने से पहले ही सीटें खत्म हो जाती हैं। आज भी यही स्थिति रही। 4 घंटे लाइन में लगे, नहीं मिला टिकट
रायपुर के सुधीर हियाल ने बताया कि वे परिवार के साथ पुणे जाने की तैयारी कर रहे हैं। ऑनलाइन टिकट नहीं मिलने पर आरक्षण केंद्र पहुंचे और सुबह से 4 घंटे तक लाइन में खड़े रहे। टोकन मिलने के बाद भी टिकट कंफर्म नहीं हो सका। ट्रेनों में इतनी भीड़ है कि आम यात्रियों को टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। रेलवे स्टेशन स्थित आरक्षण केंद्र: सुबह 8 बजे

सुबह 8 बजे भास्कर की टीम रायपुर रेलवे स्टेशन में स्थित आरक्षण केंद्र पहुंची। तब यहां काउंटर नहीं खुला था, लेकिन करीब 25 से अधिक लोग टिकट बुकिंग के लिए इंतजार कर रहे थे। आरक्षण केंद्र में एसी तत्काल टिकट के लिए सुबह 10 बजे और स्लीपर श्रेणी के लिए सुबह 11 बजे काउंटर खुलता है। काउंटर खुलने से आधे घंटे पहले कतार में मौजूद लोगों को टोकन दिया गया। फिर इसी टोकन के आधार पर यात्री अपनी बारी का इंतजार करने लगे। पूछताछ में पता चला कि रायपुर रेलवे स्टेशन से केवल 30-30 टोकन दिया जाता है। 30 टोकन एसी श्रेणी के लिए और 30 स्लीपर के लिए। तय समय पर एसी श्रेणी का काउंटर खुला। इस दौरान 3 यात्री का टिकट बना था कि वेबसाइट बंद हो गया। इसी तरह सुबह 11 बजे काउंटर खुलने के बाद केवल 5 यात्रियों का टिकट बना था और वेबसाइट फिर बंद हो गया। इस तरह अन्य लोगों को वापस लौटना पड़ा। यही नहीं देर से पहुंचने वाले करीब 15 से अधिक लोग कतार देखकर ही वापस लौट जात हैं। मांग बढ़ गई, इसलिए समस्या हो रही

गर्मी की छुट्टियों के दौरान टिकटों की मांग बढ़ जाती है। यदि किसी यात्री को आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर ओवरलोड या अन्य तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ रहा है तो उसकी जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि संबंधित टीम से जांच कराई जा सके। – वीके भट्टी, पीआरओ, आईआरसीटीसी

More From Author

आरती स्पंज कंपनी ने किया बड़ा खेल दंतेवाड़ा:न खुदाई हुई, न ट्रक आया; 2.75 लाख टन लौह अयस्क का परिवहन हो गया

चांदी ₹12,655 गिरकर ₹2.33 लाख किलो पर आई:सोना ₹5373 टूटा, 10 ग्राम की कीमत ₹1.47 लाख; भारत का पहला AI डेटा सेंटर बनाएगी रिलायंस-मेटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *