छत्तीसगढ़ के अलग अलग जिले के वार्डों में 1 जून को हुए उपचुनाव के नतीजे आ गए हैं। बिलासपुर और जगदलपुर नगर निगम उपचुनाव में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। जगदलपुर नगर निगम के इंदिरा वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी रामकृष्ण तिवारी ने 436 वोटों से बीजेपी के मनोहर दत्त तिवारी को हराया है। मनोहर दत्त भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव के करीबी हैं। बिलासपुर में वार्ड क्रमांक 29 के उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी शेख आजम ने भाजपा के मधुसूदन राव को 1062 वोटों से हराया। वहीं राजनांदगांव के घुमका नगर पंचायत में अध्यक्ष का पद कांग्रेस के खाते में गया है। सूरजपुर में बीजेपी की जीत हुई है। जगदलपुर में किरण सिंहदेव के करीबी हारे जगदलपुर नगर निगम के इंदिरा वार्ड में 1 जून को उपचुनाव में कुल 1,542 में से 1,223 वोटर्स ने वोट डाले थे। भाजपा ने मनोहर दत्त तिवारी को मैदान में उतारा था, जो कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव के करीबी हैं। जबकि आम आदमी पार्टी से रुबीना कुरैशी चुनावी मैदान में थीं। खास बात यह है कि इंदिरा वार्ड कांग्रेस का गढ़ है। पिछले 30 सालों से वार्ड में कांग्रेस का कब्जा रहा है। इस बार फिर कांग्रेस ने जीत दर्ज कर इतिहास दोहराया है। दरअसल, यह सीट कांग्रेस के सीनियर पार्षद रहे अब्दुल रशीद के निधन के बाद खाली हुई थी। अब्दुल रशीद लगातार 4 बार पार्षद चुने गए थे। इससे पहले उनकी मां भी दो बार इस वार्ड का प्रतिनिधित्व कर चुकी थीं। बिलासपुर में भाजपा के मधुसूदन हारे बिलासपुर नगर निगम में वार्ड क्रमांक 29 (संजय गांधी नगर) के उपचुनाव में अपनी जीत की परंपरा कायम रखते हुए कांग्रेस प्रत्याशी शेख आजम ने भाजपा के मधुसूदन राव को हरा दिया है। इस वार्ड में कांग्रेस पिछले 40 सालों से जीत रही है। जानकारी के मुताबिक, मधुसूदन राव को शेख आजम के पिता शेख असलम ने भी हराया था। वार्ड 29 में यह दूसरा उपचुनाव है। इससे पहले पार्षद शेख गफ्फार के निधन के बाद हुए उप चुनाव में उनके भाई शेख असलम विजयी हुए थे। बाद में शेख असलम सामान्य चुनाव में भी पार्षद चुने गए। उनके निधन के बाद सीट खाली होने से फिर उपचुनाव कराना पड़ा। बता दें कि 1 जून को हुए उपचुनाव में वार्ड के 5255 मतदाताओं में से 3665 वोटर्स ने वोट डाला था। …………………. इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… जगदलपुर निगम के इंदिरा वार्ड उपचुनाव में 79.7% मतदान: 1542 में से 1223 वोट पड़े, भाजपा-कांग्रेस और AAP के बीच त्रिकोणीय मुकाबला
जगदलपुर नगर निगम के इंदिरा वार्ड में पार्षद पद के लिए उपचुनाव में लगभग 79.7% मतदान हुआ। 1542 मतदाताओं में से 1223 ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। बूथ क्रमांक-1 में 666 और बूथ क्रमांक 2 में 563 मतदाताओं ने मतदान किया। पढ़ें पूरी खबर…
