बृजमोहन बोले- रेंजर को नोटिस भेजो, सस्पेंड करो, VIDEO:सुशासन तिहार में गायब रहने पर भड़के सांसद; कॉलेज बाउंड्री वॉल विवाद पर नाराजगी जताई

रायपुर के गोबरा नवापारा में आयोजित सुशासन ‘तिहार शिविर’ में शिकायत मिलने पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने रेंजर को सस्पेंड करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेंजर यहां क्यों नहीं है, शोकॉज नोटिस जारी करो और उसे सस्पेंड करो। मामला कुलेश्वर महादेव शासकीय महाविद्यालय की बाउंड्री वॉल निर्माण में वन विभाग की आपत्ति और रेंजर की गैरमौजूदगी से जुड़ा था। शिविर के दौरान जब यह मामला सामने आया तो सांसद ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जब शिविर में जनता की समस्याएं सुनने के लिए सभी विभागों के अधिकारियों को मौजूद रहना है, जिम्मेदार अधिकारी का अनुपस्थित रहना लापरवाही है। इसके बाद उन्होंने जिला प्रशासन को संबंधित रेंजर के खिलाफ सस्पेंशन के निर्देश दिए। शिविर में अलग-अलग विभागों से जुड़े आवेदन भी सामने आए। इस दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शिविर में मिले आवेदनों का निराकरण 7 दिनों के भीतर किया जाए। उन्होंने कहा कि तय समय में काम पूरा नहीं होने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। स्कूल जमीन के मामले में अधिकारियों को बुलाया शिविर में हरिहर हाई स्कूल की जमीन पर अतिक्रमण और नवापारा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की आरक्षित भूमि से जुड़ा मामला भी उठा। इसके बाद पटवारी, आरआई और तहसीलदार को मंच पर बुलाया गया। अधिकारियों को जमीन संबंधी लंबित मामलों का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए गए। विकास कार्यों की भी घोषणा कार्यक्रम के दौरान नवापारा नगर पालिका के नए भवन के लिए 2 करोड़ रुपए, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला में एक्स्ट्रा क्लास बनाने के लिए 10 लाख रुपए और महावीर बजरंग अखाड़ा के लिए 5 लाख रुपए देने की घोषणा की गई। पहले भी सुशासन तिहार में अधिकारियों को लगा चुके हैं फटकार गोबरा नवापारा में रेंजर को सस्पेंड करने के निर्देश का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी सुशासन तिहार के दौरान अलग-अलग जगहों पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी जता चुके हैं। अवैध शराब बिक्री पर पुलिस और आबकारी अधिकारियों को लगाई फटकार 18 मई को रायपुर नगर निगम के जोन-5 स्थित अश्विनी नगर में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में अवैध शराब बिक्री का मुद्दा उठा था। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में खुलेआम शराब बिकने की शिकायत की थी। शिकायत सुनने के बाद सांसद मंच से ही पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारियों पर भड़क गए। उन्होंने अधिकारियों से कहा था कि अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा, “कोई बड़े से बड़ा आदमी हो, उसको उठाकर बंद करो। कार्रवाई क्यों नहीं करते?” उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब आम लोगों को पता है कि शराब कहां बिक रही है, तो संबंधित विभागों को इसकी जानकारी क्यों नहीं है। इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में सांसद अधिकारियों से जवाब मांगते नजर आए थे। उन्होंने क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। समोदा में नायब तहसीलदार को मंच पर बुलाकर लगाई फटकार इसके बाद आरंग विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत समोदा में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर शिकायतें सामने आई थीं। ग्रामीणों ने नामांतरण, सीमांकन और बंटवारे जैसे मामलों के लंबे समय से लंबित रहने की शिकायत की थी। कई ग्रामीणों ने काम कराने के बदले पैसे मांगने के आरोप भी लगाए थे। शिकायतें सामने आने के बाद सांसद ने नायब तहसीलदार गजानंद सिदार को मंच पर बुलाया। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा शिकायतें उनके खिलाफ मिली हैं। मंच से ही उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि आखिर राजस्व मामलों का निराकरण समय पर क्यों नहीं हो रहा है। कार्यक्रम के दौरान सांसद और नायब तहसीलदार के बीच हुई बातचीत का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में सांसद कथित रिश्वतखोरी और लंबित मामलों को लेकर नाराजगी जताते दिखाई दिए थे। वहीं ग्रामीणों ने भी तहसील कार्यालय में कामकाज को लेकर अपनी शिकायतें सार्वजनिक रूप से रखी थीं। इन दोनों घटनाओं के बाद अब गोबरा नवापारा में रेंजर को सस्पेंड करने के निर्देश का मामला सामने आया है। लगातार तीसरी बार सुशासन तिहार के मंच से अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर कार्रवाई और फटकार की स्थिति बनी है। …………………….. इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… राजस्व मंत्री बोले- 1 घंटे में पटवारी को सस्पेंड करो,VIDEO: किसानों के काम में लापरवाही पर भड़के, बृजमोहन ने भी लगाई थी अफसर को फटकार रायपुर जिले के तिल्दा-नेवरा में सुशासन तिहार के तहत समाधान शिविर लगाया गया। इस दौरान राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने मंच से ही बिलाड़ी के पटवारी को एक घंटे के भीतर निलंबित करने के आदेश दे दिए। ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि एक छोटे किसान को कई दिनों तक दफ्तरों के चक्कर लगवाए गए। उसकी जमीन को रिकॉर्ड में ‘निरंक’ दिखा दिया गया। पढ़ें पूरी खबर…

More From Author

भारतीय सामानों पर 12.5% तक एक्सट्रा टैरिफ लग सकता है:ATF की कीमतों पर ₹75.60 प्रति लीटर कैप लगा, चांदी ₹3,725 गिरकर ₹2.61 लाख किलो पर आई

पहला वनडे- श्रीलंका ने वेस्टइंडीज को 41 रन से हराया:मेंडिस और निसांका के अर्धशतक, चमीरा ने 4 विकेट झटके

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *