रायपुर कोतवाली पुलिस ने 12वीं बोर्ड के हिंदी पेपर लीक मामले में कांग्रेस नेता की गिरफ्तारी के बाद दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बेमेतरा जिले के एक स्कूल में पदस्थ PTI शिक्षक भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक, PTI शिक्षक ने हाथ से लिखकर तैयार किया गया प्रश्न पत्र 3 हजार रुपए में कांग्रेस नेता को बेचा था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बेमेतरा निवासी जवाहर लाल (PTI) और विकास सेन के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। मामले में जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है। अब बेमेतरा के केंद्र प्रभारी और एग्जाम कंट्रोलर भी जांच के घेरे में आ गए हैं। जानिए कैसे NSUI नेता के पास पहुंचा पेपर कोतवाली पुलिस के मुताबिक माध्यमिक शिक्षा मंडल के अधिकारियों की शिकायत पर 17 मार्च 2026 को 12वीं बोर्ड परीक्षा के हिंदी प्रश्न पत्र लीक होने का मामला दर्ज किया गया था। मामले में पुलिस ने जांच शुरू की और बोर्ड परीक्षा का परिणाम जारी होने से पहले पेपर लीक के मास्टरमाइंड एनएसयूआई नेता वेणु कुमार जंघेल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में वेणु कुमार जंघेल ने खुलासा किया कि उसे प्रश्न पत्र बेमेतरा जिले के ग्राम बोरतरा स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल में पदस्थ पीटीआई शिक्षक जवाहर लाल कुर्रे ने उपलब्ध कराया था। लीक हुआ प्रश्न पत्र हाथ से लिखा हुआ था। पेपर लेने के दौरान वेणु कुमार और विकास सेन भी मौजूद थे। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए पीटीआई शिक्षक जवाहर लाल कुर्रे और विकास सेन को गिरफ्तार कर लिया है। बेमेतरा के केंद्र प्रभारी और एग्जाम कंट्रोलर जांच के दायरे में बेमेतरा जिले में पदस्थ परीक्षा केंद्र प्रभारी और एग्जाम कंट्रोलर भी अब पुलिस की जांच के दायरे में आ गए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले से जुड़े कई अहम तथ्यों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में लापरवाही और मिलीभगत की आशंका सामने आने के बाद संबंधित अधिकारियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी आरोपियों की गिरफ्तारी हो सकती है। फिलहाल पूरे नेटवर्क और पेपर लीक की प्रक्रिया की जांच की जा रही है। पेपर से 10 घंटे पहले टेलीग्राम में लीक हुआ था प्रश्न पत्र 13 मार्च की रात टेलीग्राम पर 12वीं बोर्ड का हिंदी पेपर लीक होने का मैसेज आया था। मैसेज के साथ एक इमेज अटैच थी। आगे लिखा था 12th बोर्ड हिंदी पेपर, दो इमोजी और अगली लाइन…सीजी बोर्ड 2026 रियल क्वेश्चन पेपर। ग्रुप के सभी मेंबर्स ने बिना देरी किए सबसे पहले ये इमेज मोबाइल पर सेव कर ली। इसके बाद ये इमेज वाला मैसेज 15 मिनट में 15,000 से अधिक स्टूडेंट के मोबाइल पर पहुंच गया। इमेज के दो पन्नों पर 15 सवाल थे। पहले पेज के कॉर्नर पर लिखा था B। सभी 15 सवाल हाथ से लिखे गए थे, लेकिन लिखाई का पैटर्न बिल्कुल असली क्वेश्वचन पेपर की तरह था। 14 मार्च को हिंदी का पेपर था, उसके ठीक 10 घंटे पहले सोशल मीडिया में लीक हुआ था। पूछताछ जारी, जल्द हो सकती है और गिरफ्तारी- पुलिस इस पूरे मामले में सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली दीपक मिश्रा ने बताया कि पेपर लीक केस में जांच जारी है। आने वाले दिनों में कुछ और लोगों से पूछताछ की जाएगी। इस केस में आरोपियों की संख्या बढ़ेगी। ………………….. इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… 12वीं हिंदी पेपर-लीक का मास्टरमाइंड NSUI नेता गिरफ्तार: 3 हजार में बेचे थे प्रश्नपत्र, डिजिटल सबूत मिटा रहा था, बिलासपुर से पकड़ाया
छत्तीसगढ़ में 12वीं बोर्ड के हिंदी पेपर लीक मामले में पुलिस ने मास्टरमाइंड NSUI नेता वेणु उर्फ वेणु जंघेल को बिलासपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 3 हजार रुपए लेकर छात्रों को प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने और डिजिटल सबूत मिटाने का आरोप है। पढ़ें पूरी खबर…
