सुशासन तिहार में BJP विधायक बोले-पटवारी को जूता से मारूंगा,VIDEO:गरियाबंद में रिश्वत की शिकायत मिली थी; इधर पूर्व संसदीय सचिव कलेक्टर पर भड़के

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में छुरा ब्लॉक के ग्राम पाटसिवनी में 5 मई को सुशासन तिहार के तहत जनसभा हुई। इस सभा में एक शिकायत पर राजिम से भाजपा विधायक रोहित साहू ने मंच से कहा कि रिश्वत लेने वाले पटवारी को जूता से मारूंगा। इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। वहीं विधायक के पटवारी के लिए अपशब्द कहने पर पटवारी संघ ने सुशासन तिहार का बहिष्कार कर दिया है। इधर अमलीपदर तहसील मुख्यालय में आयोजित सुशासन शिविर में खाली कुर्सियां देखकर पूर्व संसदीय सचिव गोवर्धन मांझी भड़क गए। भाजपा नेता मांझी ने अधिकारियों पर फोन न उठाने और शिविर की तैयारियों में लापरवाही का आरोप लगाया। कहा कि कलेक्टर साहब, आप फोन तो उठा लिया करें। इस दौरान कलेक्टर भगवान सिंह उईके मंच पर ही मौजूद थे। पहले देखिए ये तस्वीरें- अब जानिए पूरा मामला दरअसल, गरियाबंद जिला प्रशासन ने सुशासन तिहार के तहत गुरुवार को अमलीपदर तहसील मुख्यालय में समाधान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में खाली कुर्सियां देखकर पूर्व संसदीय सचिव गोवर्धन मांझी ने प्रशासन पर अपनी नाराजगी व्यक्त की। मंच पर कलेक्टर भगवान सिंह उईके की मौजूदगी में गोवर्धन मांझी ने माइक संभाला। उन्होंने प्रशासन पर भड़कते हुए कहा कि कलेक्टर साहब, आप फोन तो उठा लिया करें। छोटी-मोटी समस्याओं का समाधान ऐसे ही हो जाता है। मांझी ने प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप मांझी ने आगे कहा कि जनता पानी, बिजली जैसी छोटी समस्याओं को लेकर नेताओं के पास पहुंचती है, ताकि उनकी बात प्रशासन तक पहुंचाई जा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि कई लोग आवेदन देकर थक चुके होते हैं, लेकिन अधिकारी नेताओं के फोन तक नहीं उठाते। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे समाधान शिविरों का क्या औचित्य रहेगा। मांझी ने कहा कि शिविर कोई जादू की छड़ी नहीं है, जिससे समस्याओं का तुरंत समाधान हो जाएगा। उन्होंने जोर दिया कि सरकार की मंशा है कि आम जनता को कोई समस्या न हो, लेकिन खाली कुर्सियां देखकर नहीं लगता कि प्रशासन सरकार की मंशा के अनुरूप काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि सिस्टम में सुधार की आवश्यकता है। समाधान ​शिविर में विधायक ने कहा, पटवारी को जूता से मारेंगे वहीं, छुरा ब्लॉक के ग्राम पाटसिवनी में 5 मई को सुशासन तिहार के दौरान एक जनसभा हुई। इस सभा में एक ग्रामीण ने पटवारी के खिलाफ 40 हजार रुपए रिश्वत लेने की शिकायत की। इस पर विधायक रोहित साहू ने मंच से कलेक्टर से कहा कि रिश्वत लेने वाले पटवारी को तुरंत सस्पेंड करिए और उनके खिलाफ जांच कराइए। विधायक ने कहा, कलेक्टर साहब, जांच में 40 हजार रुपए रिश्वत लेने की बात सही पाए जाने पर पटवारी के खिलाफ FIR भी कराइए। इतना ही नहीं, विधायक ने यह भी कहा कि ऐसे पटवारी को जूता से मारेंगे। यहां पैसा कमाने नहीं आए हैं। नौकरी करने आएं हैं।
पटवारियों ने सुशासन तिहार का बहिष्कार करेंगे विधायक के इस बयान का वीडियो इन दिनों इलाके में तेजी से वायरल हो रहा है। इसी को लेकर पटवारी संघ, तहसील शाखा छुरा ने लिखित ज्ञापन देकर निंदा की है और कहा है कि वे सुशासन तिहार 2026 का बहिष्कार करेंगे। …………………… इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… विधायक ने CEO को बोला-सरकार की धनिया बो रहे हो: राजिम कुंभ में बदइंतजामी पर भड़के, बोले- कलाकारों को भूखा रखा, इमेज खराब कर रहे राजिम कुंभ में अव्यवस्थाओं को देख राजिम से भाजपा विधायक रोहित साहू अधिकारियों पर भड़क गए। उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए जिला पंचायत CEO प्रखर चंद्राकर को फटकार लगाई। कहा कि, सरकार की इमेज की धनिया बो रहे हैं। बेइज्जती हो रही है। बता दें प्रखर चंद्राकर को मेले का नोडल अधिकारी बनाया गया है। पढ़ें पूरी खबर

More From Author

वेटिंग टिकट कन्फर्म होगा या नहीं, AI बताएगा:रेलवे 40 साल पुराना रिजर्वेशन सिस्टम बदल रहा, अगस्त से हाईटेक मॉड्यूल पर शिफ्ट होंगी ट्रेनें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *