छत्तीसगढ़- वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर फटा, 14 की मौत:34 मजदूर झुलसे, 5 गंभीर; परिजनों का हंगामा, 35-35 लाख मुआवजा-नौकरी का ऐलान

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर बॉयलर ब्लास्ट हो गया। हादसे में 14 मजदूरों की मौत हो गई है। ASP पंकज पटेल ने इसकी पुष्टि की है। 4 मजदूरों की मौत मौके पर ही हो गई थी। वहीं 18 घायलों को रायगढ़ के जिंदल फोर्टिस अस्पताल लाया गया, जहां 10 मजदूरों ने दम तोड़ दिया है। बाकी 8 घायलों की हालत गंभीर है। मजदूर 80% झुलस गए हैं। घटना डभरा थाना क्षेत्र की है। हादसे में 34 मजदूर गंभीर रूप से झुलसे हैं। रायगढ़ के ही मेट्रो हॉस्पिटल में 3 घायलों का इलाज चल रहा है। 2 मजदूरों को अपेक्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। 6 गंभीर रूप से घायलों को बिलासपुर रेफर किया गया है। हादसे के बाद प्लांट के बाहर मजदूरों के परिजनों ने हंगामा कर दिया। उन्होंने प्रबंधन पर कार्रवाई और मुआवजे की मांग की। कुछ मजदूर लापता हैं। परिजनों का कहना है कि प्रबंधन कोई जानकारी नहीं दे रहा है। वहीं कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। वेदांता प्रबंधन ने मृतक परिजनों को 35-35 लाख रुपए सहायता राशि और नौकरी देने का ऐलान किया है। घायलों को 15-15 लाख रुपए दिए जाएंगे। इससे पहले PMO ने मुआवजे की घोषणा की थी। PMNRF से हर मृतकों के परिवार वालों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मृतकों के परिवार वालों को 5-5 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए देने का ऐलान किया। घटना से जुड़ी ये तस्वीरें देखिए- परिजन बोले- प्लांट प्रबंधन जानकारी नहीं दे रहा हादसे में अपनों को खो चुके माधव प्रसाद यादव ने बताया कि उसका छोटा भाई उद्धव सिंह यादव लापता है। न घर आया है और न ही अस्पताल में मिल रहा है। प्लांट प्रबंधन भी कोई जानकारी नहीं दे रहा है। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने कहा कि रायगढ़ के फोर्टिस हॉस्पिटल को छोड़कर रायपुर के डीकेएस हॉस्पिटल को भी आकस्मिक स्थिति और बेहतर इलाज के लिए तैयार रहने को कहा गया है। इस घटना की मजिस्ट्रियल जांच करने के आदेश दिए हैं। जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। मृतकों के परिजनों को 1 करोड़ मुआवजा दिया जाए- बैज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मृतकों के परिजनों को 1-1 करोड़ और घायलों को 50-50 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग की है। बैज ने कहा कि इस घटना में 14 मजदूरों की मौत और 34 लोगों के घायल होने की खबर बेहद पीड़ादायक है। दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी- श्रम मंत्री छत्तीसगढ़ के श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि तत्काल जांच के निर्देश दिए गए हैं। हादसे के लिए जिम्मेदार दोषियों पर श्रम कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

More From Author

अमेरिका बोला- होर्मुज की नाकाबंदी के लिए 10,000 सैनिक तैनात:24 घंटे में कोई जहाज यहां से नहीं गुजरा; इजराइल-लेबनान में सीजफायर वार्ता हुई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *