छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में एक दुकानदार से लाइसेंसी पिस्टल दिखाकर 50 हजार रुपए वसूलने वाला आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ने खुद को एफसीआई अधिकारी बताकर दुकानदार को धमकाया और पैसे देने की मांग की। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके पास से पिस्टल, कारतूस और अन्य सामग्री जब्त की है। जानिए पूरा मामला जानकारी के मुताबिक, 2 अप्रैल 2026 की रात करीब 10.30 बजे सचिन चड्डा (47 साल) दुकान पर आया और खुद को एफसीआई का बड़ा अधिकारी बताकर दुकानदार पिताम्बर गुप्ता को डराने लगा। उसने झूठा आरोप लगाया कि दुकानदार ने चावल चोरी की है। उसने दुकानदार को डराने के लिए अपनी लाइसेंसी पिस्टल भी दिखाई और कहा कि अगर पैसे नहीं दिए तो जेल भेज दिया जाएगा। उसने 60,000 रुपए की मांग की। डर के मारे दुकानदार ने 50,000 रुपए दे दिए। पुलिस को इस बात की जानकारी मिलने के बाद तुरंत मामला दर्ज किया गया। जांच में पता चला कि सचिन चड्डा कई जगह काम कर चुका है और वर्तमान में रायपुर में किसी प्राइवेट कंपनी में इंचार्ज के तौर पर काम करता है। पुलिस ने रायपुर से सचिन को कवर्धा बुलाया और पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध कबूल कर लिया। उसके पास से पुलिस ने एक कार (MP-20-ZK-8201), 0.32 बोर की लाइसेंसी पिस्टल, 2 मैगजीन, 11 जिंदा कारतूस और पिस्टल पाउच जब्त किया। आरोपी मूल रूप से जबलपुर का रहने वाला और फिलहाल रायपुर में रहता है। आरोपी को 9 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अब इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
