यूपी पीसीएस 2024 का फाइनल रिजल्ट रविवार रात साढ़े 12 बजे जारी हो गया। दिल्ली की नेहा पंचाल ने टॉप किया है। रायबरेली की अनन्या त्रिवेदी दूसरे और अभय प्रताप सिंह तीसरे नंबर पर हैं। टॉप 10 में 6 लड़कियां हैं। 25 साल की अनन्या के पिता सुशील त्रिवेदी परचून की दुकान चलाते हैं। मां रेखा रानी सरकारी टीचर हैं। मामा राजेश पांडेय कानपुर देहात में एडिशनल एसपी हैं। अनन्या ने पहले प्रयास में ही परीक्षा पास की है। उन्होंने भास्कर से कहा- मैंने कभी भी कोचिंग नहीं की, सिर्फ सेल्फ स्टडी की। आज के समय में चैटजीपीटी और इंटरनेट की मदद से किसी भी टॉपिक का कंटेंट आसानी से मिल जाता है। मुझे सेकंड रैंक मिली है । इस पर विश्वास नहीं हो रहा है। टॉपर नेहा पंचाल ने चौथी कोशिश में परीक्षा क्वालिफाई की है। वहीं, कानपुर की श्वेता वर्मा को 21वीं रैंक मिली है। वह चार महीने पहले मां बनी हैं। उनके पिता जगदीश वर्मा बैंक में कैशियर से रिटायर्ड हुए हैं। इसके अलावा, कौशांबी के सुनील मौर्य कमर्शियल टैक्स ऑफिसर (CTO) बने हैं। उन्हें 82वीं रैंक मिली है। उनके पिता चाय की दुकान चलाते हैं। 932 अभ्यर्थियों का सेलेक्शन हुआ है। इनमें 319 लड़कियां हैं। चयनित अभ्यर्थियों में 37 डिप्टी कलेक्टर (SDM), 17 पुलिस उपाधीक्षक (DSP) और 196 असिस्टेंट कमिश्नर (कमर्शियल टैक्स) बने हैं। पीसीएस-2023 की बात करें तो सहारनपुर के सिद्धार्थ गुप्ता ने टॉप किया था। टॉप 10 में सिर्फ 2 लड़कियां थीं। 14 पदों पर योग्य अभ्यर्थी नहीं मिले
947 पदों के लिए 2719 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया था। इनमें से 2698 लोग इंटरव्यू देने पहुंचे थे, जबकि 21 नहीं पहुंचे। व्यवस्थाधिकारी के एक और व्यवस्थापक के 14 पद योग्य अभ्यर्थी नहीं मिलने के कारण खाली रह गए। PCS 2024 प्री के लिए 5.76 लाख उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। प्री का रिजल्ट मार्च 2025 में जारी किया गया था। इसमें से 15,066 अभ्यर्थियों ने मेन्स के लिए क्वालीफाई किया था। मेन्स परीक्षा में 13,776 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। यह परीक्षा 29 जून से 2 जुलाई 2025 के बीच हुई थी।
PCS परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थी कहां के हैं? उनके बारे में जानने के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…
