छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज 12वां दिन है। सदन में धमतरी और कांकेर में अवैध प्लॉटिंग का मुद्दा जोर-शोर से उठा। कांग्रेस विधायक अंबिका मरकाम ने राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा से 2024 से 31 जनवरी 2026 तक मिली शिकायतों, खसरों की जांच और कार्रवाई को लेकर सवाल किए। मंत्री ने धमतरी में 3 और कांकेर में 5 शिकायतें मिलने और कुछ खसरों की जांच होने की जानकारी दी, साथ ही कार्रवाई प्रक्रियाधीन होने की बात कही। मंत्री के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्रवाई की धीमी रफ्तार और स्पष्ट जवाब नहीं मिलने पर सवाल उठाए। बहस के दौरान तीखी नोकझोंक भी हुई और अंत में विरोध जताते हुए विपक्ष ने सदन से वॉकआउट कर दिया। पढ़िए सदन की कार्यवाही लाइव- कांग्रेस विधायक अंबिका मरकाम ने राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा से पूछा- 2024 से लेकर 31 जनवरी 2026 तक कितनी शिकायतें मिलीं? उन्होंने अवैध प्लाटिंग को लेकर खसरों की जांच और कार्रवाई की जानकारी मांगी। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा- धमतरी में 3 शिकायतों की जानकारी मिली है। कांकेर में 5 शिकायत मिली, कुल 175 खसरा में 8 की जांच हुई। जांच और कार्रवाई प्रक्रियाधीन है। अब 3 पटवारी का इंक्रीमेंट रोका गया है। कई अधिकारी-कर्मचारियों को नोटिस दिया गया, अवैध प्लाटिंग को रोकने पर पूरा जोर है। पूर्व सीएम भूपेश बघेल- ये सवाल प्रत्येक सत्र में आता है। प्रदेश में कितने अवैध कॉलोनी बनी। कितने लोगों के ऊपर कार्रवाई हुई है। पटवारी पर कार्रवाई को कितने दिन हो गए। मंत्री टंक राम वर्मा- अधिकारियों को अधिकार दिया गया है कार्रवाई करने का। तीनों पटवारी के वेतन वृद्धि को रोका गया है। 67 लोगों को नोटिस दिया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल- कितने लोगों के ऊपर अब तक प्रदेश भर में कार्रवाई हुई। मंत्री संतोष पूर्ण जवाब नहीं दे पाए। विपक्ष में EOW से जांच कराने की मांग की। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर – आपने कहा अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई नहीं करने का कारण SIR को बताया, लेकिन ये कॉलोनी कब बनी और कार्रवाई कब करेंगे बताइए। टंकराम वर्मा – नियमानुसार कार्रवाई करेंगे। अजय चंद्राकर – आप बताने की स्थिति नहीं हैं क्या कि कब कार्रवाई करेंगे। टंकराम वर्मा – समय सीमा बताना संभव नहीं है। भूपेश बघेल – 25 मिनट हो गए में मंत्री जवाब नहीं दे पा रहे। धमतरी का पूछो तो कांकेर का जवाब देंगे और कांकेर का पूछो तो धमतरी का। क्या विधानसभा की समिति से जांच कराएंगे। टंकराम वर्मा – इसके लिए हमारा राजस्व विभाग सक्षम है। विभाग से ही जांच कराएंगे। भूपेश बघेल – अवैध कॉलोनीयों को मंत्री जी का विभाग बढ़ावा दे रहा है। उनको मंत्री का संरक्षण प्राप्त है। जवाब से असंतुष्ट होकर हम वॉकआउट करते हैं। विपक्ष का वॉकआउट। …………………… बजट सत्र से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… विधानसभा में उठा 3 छात्राओं के प्रेग्नेंट होने का मामला: शिक्षा मंत्री बोले- हॉस्टल में नहीं रहती तीनों स्टूडेंट, विपक्ष ने किया सदन का बहिष्कार सदन में सक्ती जिले में धान उठाव नहीं होने का मुद्दा भी उठा। विधायक रामकुमार यादव ने सरकार पर आरोप लगाया कि 17 जनवरी से धान का उठाव रोकने की वजह से किसानों का धान बारिश में खराब हुआ और करोड़ों का नुकसान हुआ। पढ़ें पूरी खबर…
