राजनाथ बोले- पाकिस्तान ने सर क्रीक में मिलिट्री इन्फ्रास्ट्रक्चर बढ़ाया:उसकी नीयत में खोट, अगर हिमाकत की तो ऐसा जवाब देंगे कि इतिहास-भूगोल बदल जाएगा

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह गुरुवार को दशहरा के मौके पर गुजरात दौरे पर हैं। उन्होंने कच्छ जिले के भुज में एक मिलिट्री बेस पर शस्त्र पूजा से पहले सैनिकों को संबोधित किया। इस दौरान राजनाथ सिंह ने सर क्रीक इलाके में सीमा विवाद को लेकर पाकिस्तान को चेतावनी दी। रक्षा मंत्री ने कहा- आजादी के 78 साल बाद भी सर क्रीक में सीमा को लेकर विवाद खड़ा किया जाता है। भारत ने कई बार बातचीत के जरिए इसे सुलझाने की कोशिश की है, लेकिन पाकिस्तान की नीयत में खोट है, उसकी नीयत साफ नहीं है। रक्षा मंत्री ने कहा- जिस तरह से हाल में पाकिस्तान ने सर क्रीक से सटे इलाकों में अपना मिलिट्री इन्फ्रास्ट्रक्चर बढ़ाया है, वह उसकी नीयत बताता है। अगर सर क्रीक क्षेत्र में पाकिस्तान की ओर से कोई हिमाकत की गई, तो उसे ऐसा करारा जवाब मिलेगा कि इतिहास और भूगोल दोनों बदल जाएंगे। राजनाथ बोले- भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के अपने लक्ष्य हासिल किए
रक्षा मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान लेह से सर क्रीक तक, भारत के डिफेंस सिस्टम में सेंध लगाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सका। वहीं, भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी एयर डिफेंस सिस्टम को पूरी तरह से बेनकाब कर दिया। उन्होंने कहा- भारत की सेना ने दुनिया को यह संदेश दिया कि वह जब चाहे और जहां चाहे पाकिस्तान को भारी नुकसान पहुंचा सकती है। भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर में अपने सभी मकसद को सफलतापूर्वक हासिल कर लिया। हालांकि, सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ उसकी लड़ाई जारी रहेगी। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हमारी आर्म्ड फोर्सेस ने दिखा दिया कि भारत के संप्रभुता को चुनौती देने वाली ताकतें चाहे जहां भी छिपी हो, हम उन्हें ढूंढकर उनका खात्मा करने की शक्ति रखते हैं। दुनिया की कोई भी ताकत को, अगर हमारी संप्रभुता को चुनौती देता तो भारत चुप नहीं बैठेगा। रक्षा मंत्री ने कहा- भारत समय आने पर शस्त्रों का इस्तेमाल करना जानता है
रक्षा मंत्री ने शस्त्र पूजा का महत्व बताते हुए कहा- शस्त्रों के प्रति समर्पण, असुर शक्तियों पर दैवी शक्ति की विजय की महानता को दर्शाता है। इसलिए, जब हम किसी शस्त्र की पूजा करते हैं, तो हम इस शक्ति का इस्तेमाल केवल धर्म और न्याय की रक्षा के लिए करने का संकल्प भी लेते हैं। उन्होंने कहा- भगवान राम ने जब रावण से युद्ध किया तो उनका मकसद जीतना नहीं था। वे धर्म की स्थापना करना चाहते थे। शस्त्रों की पूजा इस बात का प्रतीक है कि भारत न सिर्फ शस्त्रों की पूजा करता है, बल्कि समय आने पर उनका इस्तेमाल करना भी जानता है। भारत-पाकिस्तान के बीच दशकों से सर क्रीक रीजन पर विवाद
सर क्रीक भारत और पाकिस्तान के बीच 96 किलोमीटर लंबी एक ज्वारीय खाड़ी (जल की पट्टी) है। यह कच्छ की खाड़ी से अरब सागर में जाकर मिलता है। यह क्षेत्र पाकिस्तान के सिंध प्रांत और भारत के गुजरात राज्य के बीच दलदली इलाके में स्थित है। इलाके में पानी और दलदल की वजह से बॉर्डर तय करना मुश्किल है। भारत-पाकिस्तान के बीच इस पट्टी को लेकर दशकों से विवाद चल रहा है। इस कारण समुद्री सीमा भी प्रभावित होती है, क्योंकि सर क्रीक से निकलने वाली रेखा अरब सागर में जाकर तय करती है कि किसे कितना विशेष आर्थिक क्षेत्र और तेल-गैस संसाधन मिलेंगे। ———————— राजनाथ सिंह से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… राजनाथ सिंह बोले- PoK बिना हमला किए वापस मिलेगा, एक दिन खुद कहेगा- मैं भारत हूं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर (PoK) भारत को बिना किसी लड़ाई या हमले के अपने आप मिल जाएगा। PoK के लोग खुद आजादी की मांग कर रहे हैं और एक दिन वे कहेंगे, ‘मैं भी भारत हूं।’ राजनाथ सिंह ने यह बात मोरक्को में भारतीय समुदाय से बातचीत के दौरान कही। पूरी खबर पढ़ें…

More From Author

ट्रम्प अमेरिकी किसानों का सोयाबीन नहीं बिकने से परेशान:कहा- जल्द चीनी राष्ट्रपति से मुलाकात करूंगा, टैरिफ के पैसे से किसानों को मदद दूंगा

सरकारी नौकरी:इंडियन आर्मी में 194 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी; 4 अक्टूबर से आवेदन, 10वीं-12वीं पास करें अप्लाई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *