छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में बिजली गिरने से मां-बेटी की मौत हो गई है। मानती टेकाम (33) और उनकी बेटी कुमारी विमला टेकाम (14) खेत में काम करने गई थीं। गुरुवार दोपहर लगभग 2:10 बजे तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए दोनों खेत के पास स्थित एक सेमर के पेड़ के नीचे खड़ी हो गईं। इसी दौरान बिजली पेड़ के पास गिरी, जिसकी चपेट में आने से मां-बेटी गंभीर रूप से झुलस गईं। मामला राजपुर थाना क्षेत्र के पतरापारा गांव का है। इसके अलावा राजपुर में गुरुवार को हुई बारिश के कारण नेशनल हाईवे-343 के किनारे स्थित कई घरों में घुटनों तक पानी भर गया। इससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। घरों में रखा अनाज, बिस्तर, कपड़े, फर्नीचर सहित अन्य घरेलू सामान भीग गए। छत्तीसगढ़ में पिछले 10 दिनों से थमा मानसून अब पूरी तरह एक्टिव हो गया है। 30 जून तक मानसून पूरे प्रदेश में पहुंच चुका है। रायपुर में गुरुवार दोपहर तेज बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक अगले एक सप्ताह तक राज्य के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। आज (2 जुलाई) दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि सरगुजा में दो दिन की बारिश के बाद गांधीनगर समेत कई इलाकों में जलभराव हो गया। अंबिकापुर में सड़क किनारे खड़े ट्रक पर बिजली गिरने से वह पूरी तरह जल गया, कोरबा के रामपुर में इमली के पेड़ पर गाज गिरने से 6 साइबेरियन पक्षियों की मौत हो गई। वहीं बीजापुर के गंगालूर तहसील के कोटेर गांव में बिजली गिरने से 9 बकरियां मर गईं। देखिए ये तस्वीरें- अब तक प्रदेश में मानसूनी बारिश सामान्य से काफी कम रही है। मौसम विभाग के अनुसार 1 जुलाई तक छत्तीसगढ़ में सामान्य से करीब 60% कम बारिश हुई है। 30 जून तक प्रदेश में सामान्य तौर पर 188 मिमी (7.4 इंच) बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक केवल 66.2 मिमी (2.5 इंच) ही दर्ज हुई है। यानी सामान्य से 121.8 मिमी (4.7 इंच) कम पानी बरसा है। राहत की बात यह है कि मानसून के पूरे प्रदेश में सक्रिय होने के बाद आने वाले दिनों में इस कमी की भरपाई होने की उम्मीद है। रायपुर का मौसम मौसम विभाग के मुताबिक आज (गुरुवार) दिनभर बादल छाए रहने के साथ बारिश होने की संभावना है। गरज-चमक और बिजली गिर सकती है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। तस्वीरें देखिए…
