पुर्तगाली राष्ट्रपति मार्सेलो रेबेलो डी सूसा ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प को रूस का एजेंट बताया है। उन्होंने कहा कि ट्रम्प जिस तहर से यूक्रेन-रूस जंग में मध्यस्थता कर रहे हैं वह पुतिन को फायदा पहुंचा रहा है। सूसा ने कहा कि अमेरिका की कोशिशों से यूक्रेन को कोई मदद नहीं मिल रही है। ट्रम्प ने रूस पर कोई नया प्रतिबंध नहीं लगाया है, जबकि हम रोज नए प्रतिबंधों की धमकियां सुनते रहते हैं। सूसा ने ट्रम्प पर केवल एक पक्ष के साथ बातचीत करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यूक्रेन और यूरोपीय देशों को इस जंग को रोकने के लिए अपने स्तर पर बातचीत करनी चाहिए। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… मोदी और जेलेंस्की ने फोन पर बात की, भारतीय पीएम बोले- हम शांति के पक्षधर प्रधानमंत्री मोदी ने आज यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की के साथ फोन पर बात की। जेलेंस्की ने यूक्रेन में चल रही स्थिति के बारे में जानकारी दी। पीएम मोदी ने जेलेंस्की से कहा कि भारत हमेशा शांति की पक्षधर है। उन्होंने यूक्रेन में जल्द से जल्द शांति लाने के लिए हर तरह की मदद करने का वादा किया। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने बताया कि भारत शांति के लिए अपने प्रयास जारी रखेगा और यूक्रेन में स्थिरता लाने में सहयोग देगा। इससे पहले पीएम मोदी ने 26 अगस्त को यूक्रेन के स्वतंत्रता दिवस पर लेटर लिखकर जेलेंस्की को बधाई दी थी। पीएम मोदी ने लेटर में लिखा था- मुझे पिछले साल कीव की यात्रा बहुत अच्छी लगी थी। तब से भारत और यूक्रेन के रिश्ते और बेहतर हुए हैं। भारत हमेशा शांति के पक्ष में है। हम युद्ध को बातचीत और कूटनीति से जल्दी खत्म करने के लिए हर संभव मदद करेंगे। इसके जवाब में जेलेंस्की ने कहा था कि भारत शांति और बातचीत के लिए पूरी तरह समर्पित है। इस भयानक युद्ध को शांति से खत्म करने के लिए दुनिया कोशिश कर रही है और हम भारत की मदद चाहते हैं। यूक्रेनी संसद के पूर्व स्पीकर की हत्या, डिलीवरी बॅाय बनकर आए हमलावर ने 7 गोलियां दागीं यूक्रेन के प्रमुख राजनेता और पूर्व स्पीकर आंद्री पारुबी की 30 अगस्त को गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, दक्षिणी फ्रैंकिव्स्की जिले में दोपहर करीब 12 बजे गोलीबारी की सूचना मिली। हमलावर ने पारुबी पर कई गोलियां चलाईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। यूरोपियन सॉलिडैरिटी पार्टी की सांसद इरीना हेराशचेंको ने पुष्टि की कि मृतक आंद्री पारुबी ही थे। मीडिया के मुताबिक हमलावर डिलीवरी बॅाय की वेशभूषा में था और इलेक्ट्रिक साइकिल पर सवार था। उसने पारुबी पर गोलियां चलाईं और फिर साइकिल से भाग गया। घटनास्थल पर सात गोली के खोल मिले। 54 साल के पारुबी लंबे समय तक सांसद रहे थे। उन्होंने 2004 की ऑरेंज क्रांति और 2013-14 की यूरोमैदान क्रांति में हिस्सा लिया था। 2014 में रूस द्वारा क्रीमिया पर कब्जे और डोनबास में युद्ध शुरू होने के दौरान वे राष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा परिषद के सचिव रहे। इनकी पार्टी यूरोपियन सॉलिडैरिटी ने इसे आतंकी हमला करार दिया है। इंडोनेशिया में प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन में आग लगाई, 3 लोगों की मौत, 5 घायल; पुलिस ने ड्राइवर को कुचला, विरोध तेज इंडोनेशिया के मकासर शहर में शुक्रवार रात प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्रीय संसद भवन में आग लगा दी। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई और 5 लोग घायल हो गए। मकासर शहर परिषद के सचिव राहमत मप्पाटोबा ने प्रदर्शनकारियों पर भवन में आग लगाने का आरोप लगाया। आग लगने के बाद कुछ लोग इमारत से कूदने की कोशिश में घायल हुए। इंडोनेशिया में शुक्रवार से कई शहरों में बड़े प्रदर्शन हो रहे हैं। दरअसल, शुक्रवार को पुलिस के एक वाहन ने मोटरसाइकिल से जा रहे डिलीवरी ड्राइवर को कुचल दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद लोगों ने सरकारी अधिकारियों और उन्हें मिलने वाली सुविधाओं के खिलाफ प्रदर्शन तेज कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस और सरकारी इमारतों पर पत्थर और पटाखे फेंके, जबकि पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया। ड्राइवर की मौत के मामले में सात अधिकारियों को हिरासत में लिया गया है। खबरों के मुताबिक, इन प्रदर्शनों में 200 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने मामले की जांच के आदेश दिए और मृत ड्राइवर के परिवार से मुलाकात की। पूर्व अमेरिकी NSA बोले- अमेरिका की छवि को गटर में डाल रहे ट्रम्प, चीन पर दुनिया का भरोसा बढ़ रहा अमेरिका के पूर्व सुरक्षा सलाहकार (NSA) जैकब जेरेमिया सुलिवन ने अमेरिका की तुलना चीन से की। उन्होंने कहा कि आज विश्व चीन को एक जिम्मेदार देश के तौर पर देख रहा है। जबकि ट्रम्प सरकार ने अमेरिका की छवि को गटर में मिला रही है, जिस पर कोई भी देश भरोसा नहीं करना चाहता है। सुलिवन ने चीन को अमेरिका का विकल्प बताया। उन्होंने कहा कि चीन कई देशों में लोकप्रियता के मामले में अमेरिका से आगे निकल गया है। एक साल पहले तक ऐसा नहीं था। अब कई देश कह रहे हैं कि ब्रांड अमेरिका खत्म हो चुका है और चीन एक जिम्मेदार खिलाड़ी की तरह नजर आ रहा है। सुलिवन ने भारत पर टैरिफ को लेकर ट्रम्प सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि टैरिफ से वॉशिगटन और दिल्ली के बीच संबंध खराब हुए हैं। ट्रम्प ने भारत को चीन से बातचीत करने के लिए मजबूर किया है। जबकि बाइडेन सरकार भारत से रिश्ते मजबूत करने की कोशिश कर रही थी। ताकि चीन को काउंटर किया जा सके। सुलिवन ने अमेरिकी निवेश बैंक की रिपोर्ट के हवाला देते हुए बताया कि ट्रम्प ने अपने निजी गुस्से के कारण भारत पर 50% टैरिफ लगाया है। क्योंकि भारत ने ट्रम्प के भारत-पाकिस्तान में सीजफायर वाले बयान को गलत बताया था। तुर्किये ने इजराइल से व्यापारिक और आर्थिक रिश्ता खत्म किया, हवाई क्षेत्र भी बंद किया तुर्किये ने इजराइल के साथ सभी तरह के व्यापार और आर्थिक रिश्ते खत्म कर दिए हैं। इसके साथ ही इजराइली विमानों के लिए तुर्किये ने अपना हवाई क्षेत्र भी बंद कर दिया है। तुर्किये ने यह फैसला गाजा सिटी में इजराइल के कब्जा करने की कोशिश के बाद किया है। तुर्किये के विदेश मंत्री हकान फिदान ने शुक्रवार को कहा कि अगर इजराइल ने अपनी सैन्य कार्रवाई बंद नहीं की तो पूरा इलाका संघर्ष में फंस सकता है। फिदान ने दुनिया की बड़ी ताकतों से अपील की कि वे इजराइल को समर्थन देना बंद करें और उसके खिलाफ अंतरराष्ट्रीय कदम उठाएं। फिदान ने साफ कहा कि अब न तो तुर्किये के जहाज इजराइली बंदरगाहों पर जाएंगे और न इजराइल के जहाजों को यहां आने देंगे। तुर्किये पहले से ही गाजा पर इजराइल के हमलों का कड़ा विरोध करता रहा है। राष्ट्रपति एर्दोगन कई बार इन हमलों को नरसंहार बता चुके हैं और उन्होंने PM नेतन्याहू की तुलना हिटलर से की है। जापान के कुरील आईलैंड्स में 5.2 तीव्रता का भूकंप, रूस में महसूस किए गए झटके जापान के उत्तरी कुरील आईलैंड्स के पास प्रशांत महासागर में 5.2 तीव्रता का भूकंप आया। इसके झटके 94 किमी दूर रूस के सेवेरो-कुरीलस्क शहर में महसूस किए गए। यह भूकंप 30 अगस्त को सुबह 10 बजे, 25 किमी की गहराई में आया। इसकी जानकारी रूस के युज्नो-सखालिंस्क भूकंपीय केंद्र प्रमुख एलेना सेमेनोवा ने दी। उन्होंने बताया कि भूकंप से सुनामी का कोई खतरा नहीं है। वहीं, इस भूकंप से किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। हालांकि 27 अगस्त को उज्बेकिस्तान के आपातकालीन मंत्रालय के भूकंपीय निगरानी केंद्र ने अफगानिस्तान में 5.7 तीव्रता का भूकंप आने की सूचना दी थी। यह भूकंप 160 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। अफ्रीकी देश मॉरिटानिया के पास नाव पलटने से 49 लोगों की मौत, 100 लापता अफ्रीकी देश मॉरिटानिया के तट के पास इस हफ्ते मंगलवार को एक नाव के डूबने से 49 लोगों की मौत हो गई और करीब 100 लोग लापता हैं। न्यूज एजेंसी AFP को एक सीनियर कोस्ट अफसर ने बताया कि गश्ती दल ने 17 लोगों को बचाया। अब तक 49 शव बरामद हो चुके हैं और उन्हें दफना दिया गया है। लापता लोगों की तलाश अभी जारी है। बचाए गए लोगों ने बताया कि नाव में करीब 160 लोग सवार थे, जिनमें सेनेगल और गाम्बिया के नागरिक शामिल थे। लोकल पुलिस ने भी मरने वालों की संख्या की पुष्टि की है। यह हादसा देर रात तब हुआ, जब नाव पर सवार प्रवासियों ने मॉरिटानिया की राजधानी नोआकशॉट से 80 किमी उत्तर में एक शहर की रोशनी देखी। इसके बाद वे नाव में एक तरफ झुक गए, जिससे नाव पलट गई। पुतिन दिसंबर में भारत दौरे पर आएंगे:यूक्रेन युद्ध के बाद पहली इंडिया विजिट; सोमवार को चीन में पीएम मोदी से मिलेंगे रूसी राष्ट्रपति पुतिन इस साल दिसंबर में भारत आएंगे। रूस के राष्ट्रपति ऑफिस क्रेमलिन ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की। 2022 में यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद पुतिन का यह पहला भारत दौरा होगा। यह यात्रा ऐसे समय पर हो रही है जब भारत और रूस अपनी साझेदारी को और मजबूत कर रहे हैं, जबकि अमेरिका भारत पर रूस से तेल खरीदने की वजह से आर्थिक दबाव बढ़ा रहा है। न्यूज एजेंसी AFP के मुताबिक, पुतिन सोमवार को चीन में होने वाली SCO समिट के दौरान भी प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात करेंगे। इस दौरान उनकी भारत यात्रा की तैयारियों पर भी चर्चा होगी। रूस की तरफ से यह घोषणा तब आई है जब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने भारत के निर्यात पर कुल 50% टैरिफ लगाए हैं। इसमें से 25% एक्स्ट्रा टैरिफ रूसी तेल खरीद की वजह से लगाया गया है। अमेरिका का कहना है कि इससे रूस को यूक्रेन युद्ध जारी रखने में मदद मिल रही है। यहां पढ़ें पूरी खबर… नोबेल के लिए नॉमिनेट नहीं किया इसलिए भारत पर टैरिफ:न्यूयॉर्क टाइम्स का दावा, ट्रम्प बोले- पाकिस्तान ने किया, भारत भी करे, इससे मोदी नाराज न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारत और अमेरिका के बीच तनाव की असल वजह ट्रम्प की नोबेल प्राइज की ख्वाहिश है। रिपोर्ट में बताया गया है कि ट्रम्प ने 17 जून को पीएम मोदी से फोन पर बातचीत की थी। इस दौरान ट्रम्प ने कहा था कि उन्हें भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर कराने पर कितना गर्व है। इसके बाद ट्रम्प ने मोदी से कहा कि पाकिस्तान उन्हें नोबेल पुरस्कार के लिए नॉमिनेट करने वाला है। ट्रम्प ने इशारों में भारत से भी ऐसा करने को कहा। मोदी इससे नाराज हो गए थे। मोदी ने ट्रम्प से साफ कह दिया कि भारत-पाक के बीच हुए सीजफायर से अमेरिका का कोई लेना देना नहीं है। यह भारत और पाकिस्तान के बीच सीधे तौर पर हुआ है। यहां पढ़ें पूरी खबर… सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा ‘ट्रम्प इज डेड’:दाहिने हाथ पर चोट का निशान वायरल; उपराष्ट्रपति वेंस ने कहा था- लीडरशिप के लिए तैयार हूं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की सेहत से जुड़े पोस्ट ट्रेंड कर रहे हैं। इन पोस्ट में ‘ट्रम्प इज डेड’ (ट्रम्प की मौत हो गई) लिखा है। शनिवार को ट्रम्प की मौत से जुड़े 60 हजार से ज्यादा पोस्ट शेयर किए गए हैं। जुलाई में 79 साल के ट्रम्प के हाथ पर चोट के निशान और पैरों में सूजन की तस्वीरें सामने आने के बाद से ही उनकी सेहत चर्चा में है। व्हाइट हाउस ने उस समय इन अफवाहों को खारिज किया था। अब 27 अगस्त को उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के इंटरव्यू के बाद ट्रम्प के सेहत पर फिर बहस तेज हो गई। दरअसल, वेंस ने USA टुडे को कहा था कि, किसी भी बुरी परिस्थिति में वो देश का नेतृत्व करने के लिए तैयार हैं। हालांकि, उन्होंने ये भी कहा कि अभी ट्रम्प पूरी तरह ठीक हैं। फिलहाल, व्हाइट हाउस ने इस अफवाह पर कोई टिप्पणी नहीं की है। यहां पढ़ें पूरी खबर… अमेरिकी कोर्ट ने ट्रम्प के ज्यादातर टैरिफ को गैर-कानूनी बताया:फिलहाल रोक नहीं; ट्रम्प बोले- टैरिफ हटे तो अमेरिका बर्बाद हो जाएगा अमेरिका की एक अपील कोर्ट ने ट्रम्प के ज्यादातर टैरिफ को गैरकानूनी बताया है। कोर्ट का कहना है कि ट्रम्प ने इन टैरिफ को लागू करने के लिए जिस कानून का सहारा लिया, वह उन्हें यह अधिकार नहीं देता। कोर्ट ने कहा कि ट्रम्प के पास हर आयात पर टैरिफ लगाने की असीमित शक्ति नहीं है। हालांकि, कोर्ट ने इस फैसले को अक्टूबर तक लागू करने से रोक दिया है, ताकि ट्रम्प सुप्रीम कोर्ट में अपील कर सकें। ट्रम्प ने इस फैसले की कड़ी आलोचना करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि अगर ये टैरिफ हटे, तो अमेरिका बर्बाद हो जाएगा। यहां पढ़ें पूरी खबर… पीएम मोदी 7 साल बाद चीन पहुंचे:SCO समिट में शामिल होंगे; जिनपिंग-पुतिन के साथ द्विपक्षीय बातचीत भी करेंगे प्रधानमंत्री मोदी दो दिन की जापान यात्रा के बाद शनिवार को SCO समिट में शामिल होने के लिए चीन पहुंच गए हैं। वे सात साल बाद चीन पहुंचे हैं। SCO समिट से इतर पीएम मोदी चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति पुतिन के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे। इस दौरान राष्ट्रपति पुतिन के दिसंबर में भारत दौरे के प्रोग्राम पर भी चर्चा होगी। पीएम मोदी की यह दौरा ऐसे समय पर हो रहा है, जब पूरी दुनिया अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प की टैरिफ नीतियों से जूझ रही है। ट्रम्प ने भारत पर 50% तो चीन पर 30% टैरिफ लगाया है। चीन में 31 अगस्त से 1 सितंबर तक SCO समिट की बैठक होने वाली है। इसमें 20 से ज्यादा देशों के नेता शामिल होंगे। यहां पढ़ें पूरी खबर… जापान में मोदी ने बुलेट ट्रेन का सफर किया:ट्रेनिंग ले रहे भारतीय ड्राइवरों से मिले; मोदी ने जापानी पीएम को मूनस्टोन गिफ्ट किया PM मोदी शनिवार को जापान दौरे के दूसरे दिन एडवांस बुलेट ट्रेन E10 देखने मियागी प्रांत के सेंडाई पहुंचे। यहां उनके साथ जापान के PM शिगेरू इशिबा भी मौजूद थे। दोनों नेताओं ने ट्रेन में सफर भी किया। इस दौरान उन्होंने भारत के ट्रेन ड्राइवरों से मुलाकात भी की। इन्हें जापान का ईस्टर्न रेलवे ट्रेनिंग दे रहा है। ये भारत में चलने वाली बुलेट ट्रेनों को चलाएंगे। मोदी ने इशिबा को आंध्र प्रदेश के मूनस्टोन और चांदी से बना रामेन बाउल्स विद चॉपस्टिक्स सेट दिया। साथ ही पीएम की पत्नी योशिको इशिबा को पश्मीना शॉल गिफ्ट किया। इससे पहले मोदी ने शुक्रवार को 15वीं भारत-जापान समिट में हिस्सा लिया। इस दौरान दोनों देशों में 150 समझौते हुए। जापानी PM ने भारत में अगले 10 साल में 6 लाख करोड़ रुपए निवेश की बात कही। जापान के बाद मोदी चीन के दौरे पर गए। वे रविवार को SCO समिट में शामिल होंगे। यहां मोदी चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात करेंगे। यहां पढ़ें पूरी खबर…
