छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मां-बेटी की संदिग्ध परिस्थतियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बलौदाबाजार से रक्षाबंधन में अपने भाई को राखी बांधने आई थी। इस दौरान उसकी बेटी और बेटा भी मौजूद थे। जहर देकर मारने की आशंका जताई जा रही है। मामला तिल्दा के खरोरा थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक मृतिका का नाम 55 वर्षीय बिंद बाई चतुर्वेदी परसाडीह (बलौदाबाजार) की रहने वाली थीं, जबकि 30 वर्षीय बेटी उषा मनहरे तिल्दा में रहती थी। बिंद बाई अपने भाई के घर ग्राम पचरी राखी बांधने आई थीं, जहां यह घटना हुई। जानिए क्या है पूरा मामला ? दरअसल, पचरी गांव में भाई-बहन समेत परिवार के कई लोग 9 अगस्त की शाम को रक्षाबंधन त्योहार मना रहे थे। इसी दौरान बिंद बाई चतुर्वेदी और उनकी 30 वर्षीय बेटी उषा मनहरे घर में तड़प रही थी। इसी बीच बिंद बाई का बेटा तालाब से वापस लौटा। इस दौरान मां और बहन को जमीन पर तड़पते देखा। मृतिका के बेटे ने आनन-फानन में पड़ोसियों को बुलाया और एक स्थानीय डॉक्टर को जानकारी दी। डॉक्टर मौके पर पहुंचे, लेकिन मामले की स्थिति और पीड़ितों की हालत को देखते हुए इलाज करने से मना कर दिया। उस समय घर में मृतका का भाई मौजूद नहीं था। भाई के घर में सुबह से हो रहा था विवाद पड़ोसियों के मुताबिक, घर में सुबह से ही झगड़े की आवाजें सुनाई दे रही थीं। हालांकि झगड़े का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस को आशंका है कि विवाद का इस घटना से संबंध हो सकता है। जहर देकर मारने की भी आशंका जताई जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज खरोरा थाना पुलिस ने इस मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मां-बेटी की मौत हत्या के कारण हुई या आत्महत्या से। मौत की वजह जानने के लिए पुलिस ने मां-बेटी की लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह सामने आएगी।
