मानसून सत्र का तीसरा दिन:विपक्ष पीएम मोदी के ब्रिटेन दौरे को मुद्दा बना सकता है; पहलगाम हमला-ऑपरेशन सिंदूर पर सदन में चर्चा की मांग

संसद के मानसून सत्र का बुधवार को तीसरा दिन है। लोकसभा-राज्यसभा में आज भी विपक्ष के हंगामे के आसार हैं। पीएम मोदी भी सुबह 5 बजे ब्रिटेन के रवाना हुए, वे दो दिन के दौरे पर हैं। मानसून सत्र के बीच पीएम के विदेश दौरे को विपक्ष बड़ा मुद्दा बना सकता है। क्योंकि ऑपरेशन सिंदूर पर विपक्ष पीएम का सदन में जवाब चाहता है। विपक्ष के कई सांसदों ने मंगलवार को लोकसभा और राज्यसभा में स्थगन प्रस्ताव लाने के लिए नोटिस दिए। इसमें बिहार में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के मुद्दे पर चर्चा की मांग की गई है। AAP सांसद संजय सिंह ने राज्यसभा में SIR के ‘संवैधानिक और चुनावी निहितार्थों’ पर चर्चा के लिए प्रस्ताव का नोटिस दिया है। इस पर आज चर्चा हो सकती है। मंगलवार को मानसून सत्र के दूसरे दिन बिहार में वोटर्स लिस्ट की जांच, स्पेशल इंटेसिव रिविजन (SIR) को लेकर विपक्षी सांसद ने दोनों सदनों के अंदर और बाहर विरोध किया। सांसदों ने पहलगाम हमला, ऑपरेशन सिंदूर जैसे मुद्दों पर PM के जवाब और सदन में चर्चा की भी मांग की। मानसून सत्र के दूसरे दिन की 5 तस्वीरें… बिहार वोटर लिस्ट को लेकर विपक्ष का हंगामा मंगलवार को लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही मिनट बाद दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई थी। विपक्ष के हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई, लेकिन कुछ ही देर बाद दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव सहित कई नेताओं ने मकर द्वार पर संसद भवन की सीढ़ियों पर खड़े होकर बिहार SIR के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इसी तरह, राज्यसभा में विपक्षी सांसदों ने बिहार में वोटर्स लिस्ट की जांच पर चर्चा की मांग करते हुए नारे लगाए। ऑपरेशन सिंदूर पर अगले हफ्ते चर्चा, पीएम जवाब देंगे मानसून सत्र में ऑपरेशन सिंदूर को लेकर संसद में अगले हफ्ते चर्चा होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जवाब देंगे। चर्चा के दौरान रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ऑपरेशन को लेकर और गृह मंत्री अमित शाह पहलगाम हमले को लेकर उठे सवालों पर हस्तक्षेप करेंगे। ऑपरेशन सिंदूर को लेकर लोकसभा में 16 घंटे और राज्यसभा में 9 घंटे चर्चा का समय तय किया गया है। लोकसभा में चर्चा की शुरुआत से पहले सत्ता पक्ष की तरफ से प्रस्ताव पारित किया जाएगा। इसमें सेना के शौर्य और पराक्रम की चर्चा होगी। इसके बाद चर्चा शुरू होगी। इसमें सभी दलों के सांसदों को बोलने का मौका दिया जाएगा। दैनिक भास्कर के सूत्रों के मुताबिक, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ऑपरेशन के सुरक्षा संदर्भों को लेकर उठे सवालों का जवाब देंगे। चर्चा के दौरान पहलगाम हमले को लेकर चूक का मामला भी उठेगा। इसलिए व्यवस्था को लेकर उठे सवालों का जवाब गृह मंत्री अमित शाह देंगे। माना जा रहा है कि रक्षा मंत्री और गृह मंत्री का हस्तक्षेप 50-60 मिनट का होगा। संसदीय इतिहास में चर्चा के दौरान ऐसे कम मौके आए होंगे, जब एक मुद्दे पर दो वरिष्ठ मंत्रियों के हस्तक्षेप और उसके बाद पीएम का जवाब आया हो। सूत्रों के मुताबिक पीएम चर्चा का जवाब देंगे और सेना के शौर्य को लेकर पेश प्रस्ताव सर्वसम्मति से पूरा सदन पारित करेगा। मानसून सत्र 32 दिन चलेगा संसद का मानसून सत्र 21 जुलाई से 21 अगस्त तक यानी कुल 32 दिन चलेगा। इस दौरान 18 बैठकें होंगी, 15 से ज्यादा बिल पेश होंगे। स्वतंत्रता दिवस समारोह के कारण 13-14 अगस्त को संसद की कार्यवाही नहीं होगी। केंद्र सरकार मानसून सत्र में 8 नए बिल पेश करेगी, जबकि 7 लंबित बिलों पर चर्चा होगी। इनमें मणिपुर GST संशोधन बिल 2025, इनकम टैक्स बिल, नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेंस बिल जैसे विधेयक शामिल हैं। पहले दिन नए इनकम टैक्स बिल पर बनी संसदीय कमेटी की रिपोर्ट लोकसभा में पेश होगी। कमेटी ने 285 सुझाव दिए हैं। 622 पन्नों वाला बिल 6 दशक पुराने इनकम टैक्स एक्ट 1961 को रिप्लेस करेगा। मानसून सत्र से 2 दिन पहले I.N.D.I.A. ब्लॉक बैठक हुई थी मानसून सत्र शुरू होने से पहले 19 जुलाई को I.N.D.I.A. ब्लॉक की पार्टियों ने ऑनलाइन मीटिंग की थी। इस दौरान विपक्षी पार्टियों ने तय किया है कि संसद में पहलगाम हमला, ट्रम्प के सीजफायर के दावे, बिहार सर, परिसीमन समेत 8 बड़े मुद्दे उठाएंगे। कांग्रेस ने संसद में जम्मू-कश्मीर को फिर से राज्य बनाने, महिलाओं पर अत्याचार, बेरोजगारी, किसानों की परेशानी, देश की सुरक्षा और अहमदाबाद एयर प्लेन क्रैश जैसे मुद्दे भी रखने की बात कही है। पूरी खबर पढ़ें… लोकसभा-राज्यसभा के बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक हुई मानसून सत्र के पहले दिन 21 जुलाई को राज्यसभा और लोकसभा की बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक हुई थी। इस दौरान दोनों सदनों की बैठक के एजेंडा तय किए गए थे। बैठक में फैसला हुआ कि सदन में कौन से मुद्दों पर चर्चा होगी और कौन से काम किए जाएंगे। PM बोले- ऑपरेशन सिंदूर कामयाब रहा, 22 मिनट में आतंकी ठिकानों को जमींदोज किया मानसून सत्र के पहले दिन 21 जुलाई को को PM नरेंद्र मोदी ने संसद परिसर में मीडिया को संबोधित किया था। उन्होंने कहा था कि ऑपरेशन सिंदूर कामयाब रहा। हमने 22 मिनट में ऑपरेशन सिंदूर के तहत आतंकी ठिकानों को जमींदोज किया, दुनिया ने भारत का सैन्य सामर्थ्य देखा। PM ने कहा था- ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारत की सेना ने जो लक्ष्य निर्धारित किया था, वह 100% अचीव किया। हमने सिद्ध करके दिखा दिया। इसमें मेड इन इंडिया सैन्यशक्ति का नया स्वरूप दिखा है।’ पूरी खबर पढ़ें… संसद का पहला दिन: पहलगाम-ऑपरेशन सिंदूर पर विपक्ष का हंगामा संसद के मानसून सत्र के पहले दिन राज्यसभा-लोकसभा में पहलगाम और ऑपरेशन सिंदूर पर हंगामा हुआ। विपक्ष ने इन मुद्दों पर चर्चा की मांग को लेकर नारेबाजी की। दिनभर में लोकसभा 4 बार स्थगित हुई, जिसके बाद शाम 4 बजे सदन को मंगलवार 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। वहीं, सदन में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के लिए सरकार तैयार हो गई है। अगले हफ्ते इस मुद्दे पर लोकसभा में 16 और राज्यसभा में 9 घंटे बहस होगी। हालांकि विपक्ष का कहना है कि चर्चा सत्र के शुरुआत में होनी चाहिए और PM मोदी जवाब दें। पूरी खबर पढ़ें…

More From Author

जापानी ट्रम्प के नाम से मशहूर सोहेई कामिया:विदेशियों के खिलाफ भाषणों के लिए मशहूर, कोरोना में YouTube पर पार्टी लॉन्च की, अब 14 सीटें जीतीं

ऑल टाइम हाई पर सोना-चांदी:गोल्ड ₹99,500 और चांदी ₹1.14 लाख के पार, मस्क ने स्पेसशिप जैसा दिखने वाला रेस्त्रां खोला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *