नेतन्याहू बोले- हमास लीडर मोहम्मद सिनवार मारा गया:दो हफ्ते पहले इजराइली एयर स्ट्राइक में मौत; बड़ा भाई याह्या सिनवार हमास का हेड था

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बुधवार को कहा कि इजराइल आर्मी के हमले में हमास का सीनियर लीडर मोहम्मद सिनवार मारा गया है। मोहम्मद सिनवार का बड़ा भाई याह्या सिनवार अक्टूबर 2023 में इजराइल पर हुए हमलों का मास्टरमाइंड था। उसकी पिछले साल इजराइली हमले में मौत हो गई थी। इजराइली संसद में बोलते हुए नेतन्याहू ने कहा कि मोहम्मद सिनवार उन लोगों की लिस्ट में शामिल था जिन्होंने 7 अक्टूबर को 2023 को इजराइल में हमला किया था। 14 मई को इजराइली आर्मी के हमले में मारा गया इससे पहले 14 मई को मीडिया रिपोर्ट्स में भी मोहम्मद सिनवार की मौत की बात कही गई थी। तब इजराइली फाइटर जेट्स ने दक्षिणी गाजा के खान यूनिस पर यूरोपियन हॉस्पिटल के नीचे एक सुरंग में हवाई हमला किया, यहां मोहम्मद सिनवार के होने की आशंका थी। इस दौरान मोहम्मद सिनवार की मौत हो गई थी। हालांकि मोहम्मद सिनवार के मौत से जुड़ी कोई फोटो सामने नहीं आई थी।इजराइली अधिकारियों के मुताबिक मोहम्मद सिनवार की वजह से बंधक रिहाई और युद्धविराम वार्ता में बार-बार रुकावट आ रही थी। हमास की मिलिट्री विंग का भी लीडर था पिछले साल जुलाई में हमास के टॉप मिलिट्री कमांडर मुहम्मद देफ की हत्या के बाद, मुहम्मद सिनवार ने हमास के मिलिट्री विंग की कमान संभाली थी। बाद में, अपने बड़े भाई की मौत के बाद, वह गाजा पट्टी में हमास का मुखिया बन गया था। मोहम्मद, हमास की खान यूनिस ब्रिगेड का कमांडर भी था। 1991 में संदिग्ध आतंकी गतिविधियों की वजह से इजराइल ने मोहम्मद सिनवार नौ महीने के लिए जेल में रखा था। कुछ सालों बाद उसे फिलिस्तीनी सरकार ने गिरफ्तार कर लिया था, जहां वो 3 साल तक जेल में रहा और 2000 में भाग निकला। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इजराइल ने कई बार मोहम्मद सिनवार को मारने की कोशिश थी, लेकिन वो हर बार बच निकला था। उसकी जानकारी देने के लिए इजराइल ने 300,000 डॉलर का इनाम रखा भी था। मोहम्मद सिनवार का भाई याह्या हमास का मुखिया था मोहम्मद सिनवार का भाई याह्या सिनवार हमास का हेड था। याह्या निर्मम हत्याएं करने के लिए जाना जाता था। BBC की एक रिपोर्ट के मुताबिक सिनवार ने इजराइल के लिए जासूसी करने के शक में एक शख्स को उसके भाई के हाथों ही जिंदा दफन करवा दिया था। हैरानी की बात ये है कि दफन करने का काम किसी फावड़े से नहीं बल्कि चम्मच से किया गया था। ऐसी क्रूरता की वजह से ही याह्या सिनवार को खान यूनिस का कसाई भी कहा जाता है। याह्या के करीबी भी उससे खौफ खाते थे। याह्या सिनवार की मौत 16 अक्टूबर, 2024 को हुई थी। इजराइली सेना ने गाजा पट्टी में एक ऑपरेशन के दौरान उसे मार गिराया था।

More From Author

हिंडनबर्ग केस में SEBI की पूर्व चीफ को क्लीनचिट:लोकपाल ने कहा- माधबी बुच के खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं मिला

अमेरिकियों की पोस्ट सेंसर करने वालों पर बैन लगेगा:ऐसे लोगों को US वीजा नहीं मिलेगा; ऐसा फैसला लेने वाला अमेरिका दुनिया का पहला देश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *