छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा पर सक्रिय नक्सली जोनल कमांडर गिरफ्तार:बलरामपुर पुलिस ने झारखंड से पकड़ा, आईजी पर हमला समेत दर्जनों नक्सली वारदातों में था शामिल

छत्तीसगढ़ और झारखंड सीमा क्षेत्र में सक्रिय नक्सली जोनल कमांडर राजेन्द्र सिंह खैरवार उर्फ दिलीप उर्फ विश्वनाथ को बलरामपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वह छत्तीसगढ़ और झारखंड में दर्जनों नक्सली वारदातों में शामिल रहा है। राजेंद्र खैरवार को पहले भी गिरफ्तार किया गया था और जेल भी भेजा गया था। लेकिन जमानत पर छूटने के बाद वह फिर से नक्सली संगठन में सक्रिय हो गया था। जानकारी के मुताबिक, लगभग 15 वर्षों तक नक्सली संगठन में सक्रिय राजेन्द्र सिंह खैरवार उर्फ दिलीप उर्फ विश्वनाथ को पुलिस ने झारखंड जाकर गिरफ्तार किया है। वह पूर्व में पुलिस के साथ हुए कई मुठभेड़ों में शामिल रहा है। बलरामपुर जिले में तत्कालीन आईजी स्व. बीएस मरावी पर घात लगाकर हमले की घटना में भी राजेंद्र खैरवार शामिल था। 10 साल पहले भी हुआ था गिरफ्तार
राजेन्द्र सिंह खैरवार उर्फ दिलीप वर्ष 2000 में पीपुल्स वार ग्रुप (PWG) में शामिल हुआ था। उस समय पीडब्ल्यूजी और एमसीसी का विलय नहीं हुआ था। 10 वर्ष पहले बलरामपुर जिले की रघुनाथनगर पुलिस ने उसे बंदूक के साथ गिरफ्तार किया था। इस बार उसकी गिरफ्तारी बलरामपुर जिले के सबाग से चुनचुना पुन्दाग मार्ग पर टिफिन बम लगाने की घटना में की गई है। वह मूलतः गढ़वा जिले के थाना रमकंडा अंतर्गत उदयपुर का निवासी है। उसके घर पहुंचने की सूचना पर बलरामपुर एसपी वैभव बैंकर के निर्देश पर थाना प्रभारी सामरी की टीम झारखंड पहुंची और उसे गिरफ्तार किया। कई बड़े वारदातों में शामिल रहा है राजेंद्र
सब जोनल कमांडर राजेंद्र सिंह खैरवार ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2000 से 2002 के बीच वह नक्सलियों के साथ थाना भंडरिया के ग्राम मरदा बरगड़ और थाना रंका में चिनिया घाट में पुलिस के साथ मुठभेड़ में शामिल रहा। इसके अलावा, बलरामपुर जिला के चांदो थाना के गाम शाहपुर में पुलिस से मुठभेड़ और ग्रामीणों की हत्या, ग्राम चंदननगर में एहसान मियां और उमर फारूख की पिटाई, भंवरमाल के भागीरथी गुप्ता की बंदूक लूट और पिटाई, ग्राम महावीरगंज में मुमताज और दीक्षित के बंदूक लूट की घटना में शामिल था। झारखंड में भी कई हमलों में था शामिल वर्ष 2006 से अक्टूबर 2008 तक झारखंड राज्य के भंडरिया थाना के बरगड़ के पास कुशमहा टोंगरी में पुलिस पार्टी पर हमला, ग्राम जोनीखाड़ में ग्रामीण की हत्या, ग्राम सरूअत में आगजनी, ग्राम सुतनी महुआ में पुलिस के साथ मुठभेड़, ग्राम मुटकी के महादेव भुईहर की हत्या, ग्राम जोन्हीखाड़ और रामरसतबहनी में पुलिस के साथ मुठभेड़ में शामिल था। थाना रंका के ग्राम बिलैती में घर जलाने और हत्या की घटना में शामिल रहा। जमुनियाखाड़ जंगल में पुलिस के साथ मुठभेड़, ग्राम नयाडीह जंगल महुवारी ग्राम नेउरा और हुझ्दाग और बाघमरन में पुलिस के साथ मुठभेड़, ग्राम केरता के विरेन्द्र यादव की हत्या में शामिल था। थाना चौनपुर पलामू के ग्राम बान्दूटोला लालमाटी अंधेरीबेड़ा में पुलिस के साथ मुठभेड़ करने में, ग्राम आमडीह खुर्द में ग्रामीण का घर जलाने में और ग्राम ढेकली ग्राम खोरका में नक्सली पर्चा बांटने में तथा हथियार इकट्ठा करने में शामिल था। वह छत्तीसगढ़ के रामचंदरपुरथाना के ग्राम हरिहरपुर में मोबाइल टावर जलाने, हासनदाग घाट में गोलीबारी कर विस्फोट से एसडीओपी की गाड़ी जलाने, उचरवा में तत्कालीन आईजी स्व बीएस मरावी के दल पर हमला और कन्हर नदी में पुलिस के ऊपर गोली चलाने में शामिल रहा है। चांदो थाना के बन्दरचुआं में बम लगाने में और आमाझरिया पुंदाग में घात लगाकर तीन जवानों की हत्या और छह को घायल करने में, ग्राम पोखर के महुवर कोरवा की हत्या, चुनचुना सड़क में बम ब्लास्ट, ग्राम जोधपुर चांदो के तेंदूपत्ता फड़ में आग लगाने में शामिल था। जेल से छूटकर फिर से सक्रिय राजेंद्र खैरवार ने कई बड़े नक्सली कमांडरों के साथ भी काम किया है। दो बार वह जेल भी भेजा गया था। जेल से छूटकर वह फिर से नक्सली संगठन में सक्रिय हो गया था। ………………………………………………………. नक्सल घटनाओं से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें छत्तीसगढ़ के सुकमा में 17 नक्सलियों का एनकाउंटर:इनमें 11 महिलाएं; 12 साल पहले 27 कांग्रेस लीडर्स के हत्याकांड में शामिल कमांडर भी मारा गया छत्तीसगढ़ के सुकमा और दंतेवाड़ा जिले की सरहद पर शनिवार सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। DRG (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) और CRPF के 500-600 जवानों ने 17 नक्सलियों को मार गिराया। इनमें 11 महिला नक्सली हैं। मुठभेड़ केरलापाल थाना क्षेत्र के उपमपल्ली में हुई। पढ़ें पूरी खबर…

More From Author

गोवा बोर्ड 10वीं का रिजल्ट जारी:95.53% स्टूडेंट्स पास हुए; बिना इंटरनेट भी चेक कर सकते हैं रिजल्ट

कोंडागांव में सचिवों का अनूठा विरोध प्रदर्शन:धरना स्थल पर दुर्गा अष्टमी पर किया हवन, प्रदेश की भलाई के लिए मांगा आशीर्वाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *