रायपुर के बिरगांव नगर निगम के सभाकक्ष में जमकर बवाल हुआ। बजट भाषण के दौरान भाजपा पार्षदों ने पानी के कंटेनर महापौर पर उड़ेल दिया। ये पार्षद उनके वार्ड में पानी नहीं मिलने पर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान सभा कक्ष में दोनों पक्षों के पार्षदों की तरफ से जमकर हंगामा हुआ। इस घटना के बाद महापौर ने भी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि भाजपा पार्षद मुद्दाविहीन हो गए हैं, उसी वजह से यह सब कर रहे हैं। देखिए हंगामे की तस्वीरें- दरअसल, बिरगांव निगम में गुरुवार को कांग्रेस के महापौर नंदलाल देवांगन साल 2025-26 का बजट भाषण पढ़ रहे थे। निगम में सभापति समेत सभी दलों के पार्षद मौजूद थे। इस दौरान अचानक भाजपा पार्षद पानी का कंटेनर लेकर महापौर के सामने पहुंच गए। उन्होंने महापौर के खिलाफ नारेबाजी करनी शुरू कर दी। फिर पानी के कंटेनर को खोलकर महापौर पर पलट दिया। जनता को पानी दो के लगे नारे पानी से महापौर के बजट भाषण की फाइलें भी भीग गई। इसके अलावा महापौर भी उठकर खड़े हो गए। उनके भी कपड़े का सामने वाला हिस्सा पानी में भींग गया। इस दौरान भाजपा पार्षदों ने जनता को पानी दो और महापौर मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे। इस प्रदर्शन का कांग्रेस के महापौर समेत अन्य पार्षदों ने विरोध किया। सदन के भीतर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। पार्षद बोले- घरों में पानी नहीं होने से हाहाकार जनता इस प्रदर्शन को लेकर भाजपा पार्षदों का कहना है कि बिरगांव नगर निगम के कई वार्डों में लोगों के घरों में पानी नहीं पहुंच रहा है। इस भीषण गर्मी में जनता को तकलीफों का सामना करना पड़ रहा है। जनता से लेकर लंबे समय से मांग कर रही है, लेकिन महापौर उनकी मांगों को पूरा नहीं कर रहे हैं। इस वजह से पानी के कंटेनर को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। जनता की पानी जैसे मूलभूत आवश्यकता की मांगों को पूरा नहीं किया गया तो आगे और उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। महापौर बोले- मुद्दाविहीन, अमर्यादित विरोध इस मामले को लेकर महापौर नंदलाल देवांगन ने दैनिक भास्कर से कहा कि बजट भाषण के दौरान भाजपा पार्षदों का इस तरह की हरकत अमर्यादित है। पानी डालने से बजट भाषण प्रभावित हुआ। इनके ऊपर कार्रवाई होनी चाहिए। जबकि बिरगांव निगम क्षेत्र के 80 से 90% इलाकों में घरों में पानी पहुंचाने वाली योजनाएं पूरी हो चुकी है। कुछ अंदरूनी क्षेत्रों में पानी नहीं पहुंचा है जिसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। ……………… ये खबर भी पढ़ें… कोरबा नगर निगम में सभापति को “एक्सीडेंटल” कहने पर हंगामा: विपक्ष ने की माफी की मांग, सदन में नारेबाजी, कई प्रस्ताव पारित तो कुछ निरस्त कोरबा नगर पालिक निगम की छठवें कार्यकाल की पहली सामान्य सभा में जमकर हंगामा हुआ। नए सभागार में आयोजित इस बैठक में विवाद तब शुरू हुआ, जब भाजपा पार्षद और पूर्व सभापति अशोक चावलानी ने वर्तमान सभापति को ‘एक्सीडेंटल’ कह दिया। पढ़ें पूरी खबर
