12,850 एमएल नशीले इंजेक्शन जब्त, 5 आरोपी गिरफ्तार:अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का पर्दाफाश, झारखंड से अंबिकापुर ले जा रहे थे

जशपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय नशीले पदार्थ तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने झारखंड से छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर ले जाए जा रहे 12,850 एमएल नशीले इंजेक्शन जब्त किए और इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त की गई संपत्ति का कुल मूल्य लगभग 3.98 लाख रुपए है, जिसमें इंजेक्शन, एक कार, एक मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन और नकदी शामिल है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से तीन को हाथीसार (किनकेल) के जंगल से पकड़ा गया। एक फरार आरोपी को अंबिकापुर से गिरफ्तार किया गया, जबकि नशीले इंजेक्शन उपलब्ध कराने वाले मुख्य सप्लायर को झारखंड के गुमला जिले से दबोचा गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई 9 जून 2026 की दरमियानी रात को शुरू हुई। सिटी कोतवाली जशपुर की टीम सारूडीह मार्ग पर नियमित गश्त कर रही थी, तभी एक संदिग्ध कार पुलिस को देखकर तेजी से जंगल की ओर भागने लगी। वाहन की संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए पुलिस ने उसका पीछा किया। पीछा करने पर कार सवार आरोपी वाहन को जंगल किनारे छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल क्षेत्र में मौजूद पुलिस मितान टीम को बुलाया। हाथीसार जंगल क्षेत्र को चारों ओर से घेर लिया गया और सघन तलाशी अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद जंगल में छिपे तीन आरोपियों दीपक लकड़ा (32 वर्ष, निवासी सिंगीटाना, थाना लखनपुर, जिला सरगुजा), अमन सिंह (30 वर्ष, निवासी विशुनपुर, अंबिकापुर) और आलोक साय (29 वर्ष, निवासी भगवानपुर चौक, गांधीनगर, अंबिकापुर) को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस द्वारा संदिग्ध कार की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन बरामद हुए। वाहन से रेक्सोजेसिक (ब्यूप्रेनोर्फिन इंजेक्शन) और एविल (फेनिरामाइन मैलेट इंजेक्शन) की बड़ी खेप मिली। इसके अतिरिक्त, दो मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त मारुति सेलेरियो कार क्रमांक CG-15-CS-4605 भी जब्त की गई। नशीले इंजेक्शन सप्लाई करने वाला मुख्य आरोपी भी गिरफ्तार पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे नशीले इंजेक्शन झारखंड के गुमला जिले के तिगरा गांव निवासी मो. शमशेर खान से खरीदकर छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर ले जा रहे थे। आरोपियों की जानकारी के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मो. शमशेर खान को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से Avill इंजेक्शन की 750 अतिरिक्त शीशियां, इंजेक्शन बेचकर मिले 5 हजार रुप, नकद और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। नशीले इंजेक्शन तस्करी गिरोह के सभी 5 आरोपी गिरफ्तार जांच के दौरान पता चला कि इस मामले में शामिल अंबिकापुर के सुभाष नगर निवासी अरुण राम (29 वर्ष) घटना के बाद से फरार था। पुलिस ने उसकी तलाश कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही इस अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह से जुड़े सभी पांच आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गए। पुलिस ने आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं। इनमें Rexogesic इंजेक्शन 865 एमएल और Avill इंजेक्शन की 1200 शीशियां शामिल हैं। इसके अलावा एक कार, एक मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन और 6500 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं। जब्त नशीले पदार्थों की कीमत करीब 81 हजार रुपए है, जबकि जब्त किए गए पूरे सामान की कुल कीमत लगभग 3.98 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है और उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि पुलिस मितान की मदद से अंतरराज्यीय नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि जशपुर पुलिस जिले में नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की ओर धकेलने वाले तस्करों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे लोगों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

More From Author

मोदी सरकार के 12 साल पूरे:भाजपा मंडल चारामा ने की पूजा-अर्चना, प्रगति की कामना

चलती ट्रेलर में लगी आग, ड्राइवर ने कूदकर जान बचाई,VIDEO:कोरबा में सर्वमंगला चौकी के पास शॉर्ट सर्किट से हुआ हादसा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *