भारत की स्टार टेबल टेनिस खिलाड़ी मणिका बत्रा ने आगामी एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम के चयन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (TTFI) पर संविधान का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। मणिका ने एक सोशल पोस्ट में कहा कि वे इस विवाद से मेंटली थक चुकी हैं और फिलहाल इस लड़ाई को आगे नहीं बढ़ाना चाहतीं। 31 वर्षीय मणिका को एशियन गेम्स (19 सितंबर से 4 अक्टूबर, आइची-नागोया) के लिए घोषित 10 सदस्यीय भारतीय दल में रिजर्व खिलाड़ी के रूप में रखा गया है। खेल जगत से जुड़ी यह खबरें भी पढ़िए… भारतीय शटलर रौनक चौहान यूएस ओपन के टॉप-8 में पहुंचे, श्रीकांत भी जीते फुलर्टन| भारत के युवा शटलर रौनक चौहान ने अमेरिका में बड़ा उलटफेर करते हुए दुनिया के छठे नंबर के खिलाड़ी और शीर्ष वरीयता प्राप्त चीनी ताइपे के चाउ टिएन चेन को सीधे गेम में हराकर यूएस ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। वहीं, किदांबी श्रीकांत, तान्वी शर्मा, रक्षिता श्री और देविका सिहाग ने भी अंतिम-8 में प्रवेश कर भारत का शानदार प्रदर्शन जारी रखा। सेरेना विलियम्स को विंबलडन के लिए वाइल्ड कार्ड मिला, दो कैटेगरी में उतरेंगी लंदन। टेनिस की महान खिलाड़ी सेरेना विलियम्स करीब चार साल बाद पेशेवर टेनिस में वापसी के लिए तैयार हैं। 44 वर्षीय सेरेना को विंबलडन के सिंगल्स और डबल्स दोनों वर्गों में वाइल्ड कार्ड मिला है। वह डबल्स में अपनी बड़ी बहन वीनस विलियम्स के साथ कोर्ट पर उतरेंगी। सेरेना ने कहा कि उनकी वापसी के पीछे सबसे बड़ी प्रेरणा उनकी बेटियां ओलंपिया (8 वर्ष) और अदीरा (करीब 3 वर्ष) हैं। दोनों ने उनकी तैयारी और कड़ी मेहनत को बेहद करीब से देखा है। हाल ही में सेरेना ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी साझा किया था, जिसमें अदीरा ट्रेनिंग के दौरान रेजिस्टेंस बैंड पकड़कर उनकी मदद करती नजर आई थी।
