छत्तीसगढ़ के रायगढ़ के मरीन ड्राइव में 2 युवतियों ने मिलकर एक लड़की को पीटा है। 19 वर्षीय पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई जिसके मुताबिक, 2 नाबालिग युवतियां सेल्फी ले रही थी, तभी पीड़िता पर उन्हें देखकर हंसने का आरोप लगाते हुए उन्होंने गाली गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर थप्पड़ जड़े। वायरल वीडियो में लड़की को बीच सड़क बाल पकड़कर हाथ-मुक्कों से मारते दिखाई दी। बाद में दोनों ने अपनी मां को बुलाया और उनके सामने ही लात मारी। पीड़िता के कपड़े उतारने की कोशिश की। मारपीट से लड़की बेसुध हो गई थी। पिटाई करने वाली युवतियों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। बचाने आए युवक को भी तीनों ने मिलकर रोकने की कोशिश की। पुलिस ने नाबालिग युवतियों की मां के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पहले देखें तस्वीरें…
रास्ता रोककर की गई थी मारपीट 14 जुलाई को 19 वर्षीय पीड़िता कोतवाली थाने पहुंची और घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि वह किराये के मकान में रहकर सोनारपारा स्थित एक ज्वेलरी गोदाम में काम करती है। 30 जून की शाम लगभग 4 बजे वह अपनी सहेली के साथ स्कूटी से थोक बाजार सामान छोड़कर वापस लौट रही थी। सेल्फी लेने के दौरान देखकर हंसने का आरोप तभी मरीन ड्राइव रोड स्थित पुष्पवाटिका गार्डन के पास 2 युवतियां फोन पर सेल्फी ले रही थी। शिकायत के मुताबिक, दोनों युवतियों ने पीड़िता पर रास्ता रोकने और सेल्फी लेते समय उन्हें देखकर हंसने का आरोप लगाया, जिसके बाद दोनों ने गाली गलौज शुरू कर दी। युवतियों ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी देकर हाथ-मुक्कों से पीटा। विरोध करने पर दोनों युवतियों ने फोन कर अपना मां नगमा खान उर्फ नूरी को बुलाया। उनके सामने ही पीड़िता को लात-घूसों व मुक्कों से मारपीट की। शोर सुनकर पीड़िता की सहेली व राहगीरों ने बीच-बचाव किया। मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 2 नाबालिगों पर भी कार्रवाई पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जगहों पर अश्लील हरकत करने, चोट पहुंचाने, धमकी देने के मामले में धारा 296, 115(2), 126(2), 351(3) एवं 3(5) BNS के तहत अपराध दर्ज किया गया। मुख्य आरोपी नगमा खान (38) निवासी चांदनी चौक फौजदारपारा को गिरफ्तार कर कार्रवाई की गई। वहीं दोनों नाबालिगों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की गई। पुलिस को तत्काल घटना की सूचना दें SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि जिले में कानून हाथ में लेने, सरेआम गुंडागर्दी करने व किसी भी व्यक्ति के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे वीडियो पुलिस तक तुरंत पहुंचते ही कार्रवाई की की जा रही है। आमजन से अपील है कि कानून अपने हाथ में न लें और किसी भी घटना की तत्काल पुलिस को सूचना दें। वायरल वीडियो की जांच के बाद मामला दर्ज वायरल वीडियो के जरिए घटना की जानकारी जब पुलिस को हुई, तो वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए कोतवाली पुलिस को आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मामले में जांच की गई। वहीं पीड़िता ने भी इस घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत 2 बालिकाओं पर कार्रवाई की है। ऐसे में पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच प्रारंभ की और कुछ ही घंटों में मुख्य आरोपी तक पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली पुलिस द्वारा वायरल वीडियो का सूक्ष्म परीक्षण किया गया, जिसमें मारपीट की घटना मेरीन ड्राइव रोड पर होना पाया गया। क्षेत्र के लोगों से पूछताछ करने पर वीडियो में मारपीट करती दिखाई दे रही महिला की पहचान नगमा खान उर्फ नूरी के रूप में हुई। मंगलवार की सुबह पुलिस टीम ने उसके घर पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने मारपीट में शामिल दो अन्य लड़कियों के बारे में जानकारी दी, जिन्हें भी तलब किया गया। जांच में दोनों नाबालिग बालिकाएं निकलीं।
